दबिश के दौरान पिट गई जौनपुर पुलिस, दरोगा-कांस्टेबल घायल; सीओ बोले- मुझे तो पता ही नहीं
जौनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां पुलिस टीम एक बदमाश के घर दबिश के लिए गई थी. इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया. देखते ही पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया. इसमें एक दरोगा और कई कांस्टेबल जख्मी हो गए. ऐसी स्थिति में पुलिस वालों को जान बचाकर भागना पड़ा.
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां पुलिस टीम एक बदमाश के घर दबिश के लिए गई थी. इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया. देखते ही पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया. इसमें एक दरोगा और कई कांस्टेबल जख्मी हो गए. ऐसी स्थिति में पुलिस वालों को जान बचाकर भागना पड़ा. घटना बक्सा थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव में गुरुवार की देर रात का है. बड़ी बात यह कि घटना के 12 घंटे बाद संबंधित क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह को कोई खबर ही नहीं थी.
पूछने पर उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है. वह पता कर रहे हैं. पूरी जानकारी मिलने ही वह आधिकारिक तौर पर कुछ कह सकते हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसओजी और थाने की पुलिस टीम लूट मामले में फरार चल रहे एक बदमाश को पकड़ने गई थी. जैसे ही पुलिस बदमाश के घर पहुंची, ग्रामीण पहले से तैयार थे और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. इस घटना में एक दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. नौबत यहां तक आ गई कि पुलिस टीम को भागकर जान बचानी पड़ी. इसके बाद कई थानों की फोर्स ने गांव में पहुंचकर हालात को काबू किया.
लूटेरे को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
दरअसल जिस बदमाश को पुलिस पकड़े गई थी, गुरुवार को ही उसके दादा की तेरहवीं थी. इस बदमाश की पहचान पंकज गौतम के रूप में हुई है. वह सिकरारा थाना क्षेत्र के हुए एक लूट के मामले में वांछित था. इसी बीच इस बदमाश के दादा की मौत हो गई. ऐसे में पुलिस को पूरी उम्मीद थी कि इस मौके पर बदमाश अपने घर जरूर आएगा. इसी दौरान उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा. यही सोचकर पुलिस ने तेरहवीं के कार्यक्रम में ही दबिश दिया था.
वायरल हो रहे दो वीडियो
घटना के बाद दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो, जिसमें एक युवक कुछ महिलाओं के साथ घर में पुलिस पर तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए घर में हुए नुकसान को दिखा रहा है. युवक का आरोप है कि घर में रखे सिलाई मशीन समेत कई सामानों को पुलिस ने तोड़ दिया. दूसरे वीडियो में पुलिस की कई गाड़ियां दिख रही हैं. उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों के पथराव में पुलिस की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए हैं. इस घटना में एक दरोगा समेत कई पुलिस कर्मी भी घायल हुए है.
