बजरंग दल के नेता की गुंडई… पूजा से लौट रहे युवक को सरेराह रोका, फिर लाठी डंडे से वार कर किया अधमरा
उत्तर प्रदेश के कासगंज में बजरंग दल नेता प्रकाश निर्भय और उसके भाइयों ने पूजा से लौट रहे एक युवक पर बेरहमी से हमला किया. लात-घूंसे और रॉड से हुई इस मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के कासगंज में हिन्दू संगठन बजरंग दल के एक नेता की गुंडई सामने आई है. बजरंग दल के इस नेता ने अपने भाइयों के साथ मिलकर सरेराह एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की. आरोपी और उसके भाइयों ने पीड़ित के ऊपर लात घूंसे और रॉड से हमला किया. इस वारदात में गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर एक्शन में आई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
मामला कासगंज में सोरों का है. पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायत में आरोपी प्रकाश निर्भय खुद को बजरंग दल नगर संयोजक बताता है. उसने अपने भाइयों आशीष निर्भय, अंकुर निर्भय उर्फ अंश और विकाश निर्भय उर्फ विक्की ने उसे सरेराह रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज की. उसने विरोध किया तो आरोपी लोहे की रॉड और लात घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की. पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी.
पूजा से लौट रहा था पीड़ित
पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि गंगा घाट स्थित हनुमान मंदिर पर एक धार्मिक आयोजन किया गया था. वह इसी कार्यक्रम में पूजा संपन्न होने के बाद अपने घर की ओर लौट रहा था. इस दौरान आरोपी पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे. पीड़ित के मुताबिक आरोपियों की संख्या ज्यादा थी, जबकि वह अकेले था. इसलिए चाह कर भी वह खुद का बचाव नहीं कर पाया.
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित के मुताबिक बुरी तरह से मारपीट करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इतने में पीड़ित की चीख पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक विधिक कार्रवाई जारी है.
