15 हजार बूथ कमेटी, आकाश आनंद का रोड शो… मिशन UP@2027 के लिए BSP ने बदली रणनीति
बहुजन समाज पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए नई रणनीति अपनाई है. पार्टी अब पारंपरिक तरीके छोड़कर सबसे पहले बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर देगी. साथ ही आजाद समाज पार्टी की रणनीति को देखते हुए कांशीराम जयंती को जोर-शोर से मनाने की तैयारी चल रही है.
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बहुजन समाज पार्टी (BSP) पूरी तरह नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है. पार्टी सबसे पहले बूथ-स्तरीय संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी. इसके बाद राष्ट्रीय महासचिव आकाश आनंद बड़े स्तर पर रोड शो और जनसभाएं कर पार्टी को नया धार देने का काम करेंगे.
सूत्रों के मुताबिक, बसपा ‘मिशन 2027’ के तहत अप्रैल से सक्रिय प्रचार अभियान शुरू करेगी. मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के बाद पूरे प्रदेश में 15 हजार बूथ कमेटियों का गठन किया जाएगा. बसपा सुप्रीमो मायावती ने साफ निर्देश दिया है कि बूथ कमेटियों का गठन 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए.
आंबेडकर जयंती पर बड़ी रैली करेंगी मायावती
इससे पहले 15 मार्च को संस्थापक कांशीराम की जयंती को बसपा पूरे प्रदेश में भव्य स्तर पर मनाएगी. क्योंकि आजाद समाज पार्टी भी कई जिलों में कांशीराम जयंती के कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है. ऐसे में बसपा के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कांशीराम जयंती के आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें.
मायावती की पार्टी का मकसद साफ है कि बहुजन समाज की असली उत्तराधिकारी BSP ही है. इसलिए कार्यक्रम जिला स्तर पर कांशीराम की जयंती को भव्य तरीके से आयोजित कर इसे यादगार बनाएं. साथ ही डॉ. आंबेडकर जयंती पर भी बसपा बड़े कार्यक्रम करने जा रही है. इस मौके पर एक बड़ी रैली का आयोजन संभव है, जिसे मायावती खुद संबोधित करेंगी.
आकाश और सतीश मिश्रा संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
चूंकी मायावती का साफ निर्देश है कि आंबेडकर जयंती तक बूथ कमेटियों का गठन कर लिया जाए. तो इसी दिन से आकाश आनंद के चुनावी प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत भी हो सकती है. इसके अलावा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा प्रबुद्ध समाज ब्राह्मण-ठाकुर समेत अन्य शिक्षित वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए जिलों का दौरा करेंगे.
पिछले चुनावों में भी यह जिम्मेदारी उन्होंने ही संभाली थी. प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारी आकाश आनंद और सतीश मिश्रा के कार्यक्रमों में पूरा सहयोग करेंगे. बसपा सूत्रों का कहना है कि इस बार पार्टी बूथ स्तर तक इतनी मजबूत संगठनात्मक तैयारी के साथ चुनाव लड़ने जा रही है कि कोई भी विपक्षी ताकत इसको आसानी से नहीं तोड़ पाए.
