कलयुगी मां ने तांत्रिक प्रेमी को सौंपी बेटियां, अपनी आंखों के सामने कराया दोनों से रेप; 2 महीने बाद हुआ खुलासा
मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी मां ने अपनी ही दो बेटियों को अपने तांत्रिक प्रेमी के हवाले कर दिया. यही नहीं, उसने अपनी आंखों के सामने उनसे दुष्कर्म कराया. डरी-सहमी बेटियों ने दो महीने बाद अपने दादा को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने मां और तांत्रिक को POCSO एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने अपने तांत्रिक प्रेमी को खुश करने के लिए अपनी दो सगे बेटियों को ना केवल उसके हवाले कर दिया, बल्कि अपनी नजरों के सामने अपने प्रेमी से दोनों बेटियों का रेप भी कराया. यही नहीं, आरोपी मां ने दोनों बेटियों को डरा धमकाकर उनके मुंह बंद करा दिए. हालांकि दो महीने से जिल्लत को बर्दाश्त कर रहीं इन बेटियों के सब्र का पैमाना अपने दादा के सामने छलक गया और पूरी आपबीती सुना दी.
इसके बाद दादा ने ही घटना की जानकारी पुलिस को दी. वहीं पुलिस ने आरोपी मां और उसके तांत्रिक प्रेमी को अरेस्ट कर लिया. मामला मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने दोनों बेटियों का मेडिकल कराने के बाद मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.
ऐसे हुई वारदात
पीड़ित बच्चियों ने बताया कि उसकी मां का आरोपी तांत्रिक महेंद्र सिंह के साथ अवैध संबंध है. पहले उसकी मां महेंद्र के पास झाड़फूंक के लिए जाती थी. बाद में दोनों में अवैध संबंध बन गया. पीड़ित बच्चियों ने बताया कि पहले तो उसकी मां घर में ही तांत्रिक प्रेमी को बुलाकर अवैध संबंध बनाती थी, लेकिन अब तांत्रिक के बातों में आकर उसने दोनों नाबालिग बेटियों को भी उसके हवाले कर दिया. पीड़ित बच्चियों के मुताबिक उसकी मां दो महीने पहले बहाने से उन्हें जंगल में ले गई और झाड़ फूंक की आड़ में महेंद्र को सौंप दिया. इसके बाद महेंद्र ने उनकी मां के सामने ही हैवानियत को अंजाम दिया.
दादा के सामने फफक पड़ी बेटियां
वारदात के बाद से ही दोनों बच्चियां उदास रहा करती थीं. इन्हें देखकर इनके दादा ने बहुत प्यार से पूछताछ की. इस दौरान दोनों बच्चियां फफक कर रो पड़ीं. दोनों ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि उसकी मां ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी है. यही वजह है कि इतने दिनों से वह चुप रही हैं. पीड़ित बच्चियों का दर्द सुनकर उनके दादा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें अरेस्ट कर लिया है.
