सब्जी में खिलाई नशे की गोली, फिर हथौड़े से पीटकर पति की हत्या; कातिल बीवी की कहानी

मुजफ्फरनगर में अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति संदीप की हत्या कर दी. पहले सब्जी में नशे की गोली खिलाई, फिर हथौड़े से पीटकर मारा. रात को शव बाइक पर रखकर जंगल में ठिकाने भी लगा दिया. हालांकि सुबह मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी पत्नी मीनाक्षी और उसके प्रेमी गौतम को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

मुजफ्फरनगर में प्रेमी संग कातिल बीवी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अवैध संबंधों की वजह से एक महिला अपने ही सुहाग की कातिल बन गई. इस महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति की हथौड़े से पीटकर हत्या कर दी है. वारदात के बाद दोनों ने आधी रात को बाइक पर शव रखकर जंगल में ठिकाने भी लगा दिया. लेकिन सुबह होते ही मामले का खुलासा हो गया. इसके बाद पुलिस ने हत्यारन पत्नी और उसके प्रेमी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला मुजफ्फरनगर में में शहर कोतवाली क्षेत्र के मलीरा गांव का है. पुलिस के मुताबिक यहां रविवार की सुबह एक दलित युवक का शव जंगल में खून से लथपथ हालत में मिला था. पुलिस ने शव की पहचान कराई तो पता चला कि यह इसी गांव के रहने वाले संदीप का शव है. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन शुरू की. इस दौरान पूछताछ में पुलिस को पहला शक मृतक की पत्नी पर हुआ तो उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई.

कातिल बीवी ने बताई कहानी

मृतक की पत्नी मीनाक्षी ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे जल्दी ही वह टूट गई. उसने बताया कि संदीप के साथ शादी के बाद वह ससुराल आई तो यहां उसके ममेरे भाई गौतम उर्फ सौरभ के संपर्क में आ गई. देखते ही देखते दोनों प्यार हो गया और दोनों मौका देखकर चोरी छुपे मिलने लगे. इनके अवैध संबंधों की भनक संदीप को लगी तो उसने ना केवल विरोध किया, बल्कि गौतम के साथ उसका झगड़ा भी हुआ.

ऐसे रची वारदात की साजिश

इस झगड़े के बाद ही मीनाक्षी और गौतम ने संदीप को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया. इसके लिए दोनों ने योजना बनाई. इसी योजना के तहत शनिवार की रात सब्जी में नशे की गोली डालकर मीनाक्षी ने संदीप को खिला दिया. वहीं जब संदीप सो गया तो उसने गौतम के साथ मिलकर हथौड़े से पीटकर उसकी हत्या कर दी. फिर दोनों ने संदीप की लाश को बाइक पर रखकर जंगल में ठिकाने लगा दिया और अपने अपने घर लौट गए.

पुलिस ने भेजा जेल

पुलिस ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को अरेस्ट करने के बाद इनकी मौजूदगी में क्राइम सीन रिक्रिएट कराया और फिर जरूरी सबूत इकट्ठा करने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है. एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. जल्द ही पुलिस इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट पेश करेगी.