सहारनपुर से लापता युवती बरामद, मुस्लिम युवक संग प्रयागराज में मिली; 7 दिन से था तनाव
सहारनपुर में मुस्लिम युवक संग लापता हिंदू युवती को बरामद कर लिया गया है. इस घटना के बाद पश्चिमी यूपी में सांप्रदायिक तनाव फैल गया था. हिंदू संगठन से लेकर कई राजनेता इसको लेकर पुलिस पर दबाव बना रहे थे. वहीं, पुलिस ने दोनों को प्रयागराज से पकड़ा है, युवक को गिरफ्तार किया गया.
सहारनपुर में मुस्लिम युवक आजम संग भागी हिंदू युवती बरामद कर ली गई है. वहीं युवक को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद पश्चिमी यूपी में सांप्रदायिक तनाव फैल गया था, जिसे शांत करने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं. पुलिस अब युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
पूरा मामला कोतवाली गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा का है. 24 फरवरी को गांव के रहने जसबीर ने अपनी बेटी कशिश के लापता और अपहरण मामले में तहरीर दी थी. आरोप था कि गांव के ही मुस्लिम युवक आजम ने उनकी बेटी को बहला-फुसला कर अगवा कर लिया. युवती को नाबालिग बताया गया था, पुलिस ने मामले में युवक के लिखा पोक्सो एक्ट लगाया था.
आरोपी युवक को भेजा जेल, युवती के बयान होंगे दर्ज
पुलिस ने युवती की तलाश में कई टीमों को लगाया था. पुलिस को तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से युवती की लोकेशन प्रयागराज में मिली, जिसके बाद एक विशेष टीम वहां भेजी गई और युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया. हालांकि इस मामले में फिलहाल पुलिस अधिकारी औपचारिक बयान देने से बच रहे हैं.
लेकिन आरोपी युवक आजम को पुलिस द्वारा सहारनपुर के ही नानौता इलाके के मेरठ अम्बाला हाईवे के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस ने आरोपी युवक को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वही, युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उसके बयान दर्ज होंगे.
युवती युवक के पक्ष में बयान देती है या कुछ ओर ये बयान के बाद ही सामने आयेगा. क्योंकि, लापता होने के दौरान युवती के कई वीडियो सामने आए थे, जिसमें उसने अपनी मर्जी से जाने की बात कह रही थी. हालांकि, परिजनों ने दावा किया था कि ये वीडियो फेक है, युवती नाबालिग है. वहीं, युवती के बयानों के बाद उसे नारी निकेतन भेजा जा सकता है. ट
लव जिहाद का आरोप, पूरे इलाके में बढ़ गया था तनाव
युवती के लापता होने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया था. कई संगठनों ने युवती पक्ष के समर्थन में प्रदर्शन किया और हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी. इस मामले में बीजेपी नेता संगीत सोम और पार्टी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लव जिहाद का मामला बताता हुए पुलिस को अल्टीमेटम भी दिया था.
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जसवंत सैनी ने भी अधिकारियों को युवती की जल्द बरामदगी के सख्त निर्देश दिए थे. इस दौरान हिंदू संगठनों ने भी जमकर हंगामा किया था. गांव में कई राउंड पंचायत भी बुलाई गई थी, जिससे माहौल सांप्रदायिक हो गया था. इलाके में लगातार बिगड़ते माहौल को देखते हुए पुलिस और पीएससी की टीम सात दिनों से तैनात थी.
