‘हम 2, हमारे 24…’ AIMIM नेता ने मुस्लिमों से कर दी ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील
AIMIM नेता शौकत अली ने मुस्लिमों से 'हम 2, हमारे 24' का नारा देते हुए अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की है. उनका तर्क है कि इससे प्रदेश की राजनीति पर नियंत्रण और देश की मजबूती बढ़ेगी. इस विवादित बयान के साथ उन्होंने सपा पर भी आरोप लगाए और मॉब लिंचिंग व मुस्लिम सुरक्षा पर चिंता जताई. उनके इस बयान से राजनीतिक हलचल मच गई है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में AIMIM नेता शौकत अली ने विवादित बयान दयिा है. उन्होंने मुस्लिमों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए नारा दिया कि ‘हम 2 हमारे 24’. उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए कहा कि उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं. मुरादाबाद में आयोजित एक जनसभा को संबोधति करे हुए AIMIM ने कहा कि यह समय की मांग है कि प्रदेश की राजनीति को कंट्रोल करने के लिए मुस्लिम अपनी आबादी तेजी से बढ़ाएं.
सभा में हैदराबाद से सांसद ओवैशी की पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए. कहा कि ये पार्टियां मुसलमानों के वोट तो पा जाती हैं, लेकिन उन्हें लाभ पहुंचाने का वक्त आता है तो उन्हें छोड़ दिया जाता है. इस मौके पर उन्होंने मॉब लिंचिंग, मदरसों और मुस्लिमों की सुरक्षा को लेकर भी बयान दिए. शौकत अली के इस बयान को लेकर उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति में उबाल आ गया है.
विधायक पर शराब बेचने काआरोप
मंच से सभा को संबोधित करते हुए शौकत अली ने सपा और पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांठ विधायक कमाल अख्तर पर गंभीर आरोप लगाए. कहा कि विधायक कमाल अख्तर मुरादाबाद में शराब का धंधा करते हैं. उन्होंने कहा कि गजल बार किसका था, यह सभी जानते हैं. उन्होंने कहा कि वह खुद तो शराब का धंधा करते हैं और AIMIM पर बीजेपी की ‘बी टीम’ होने का आरोप लगाकर माहौल बनाने की कोशिश करते हैं.
मेरे 8 और भाई के 16 बच्चे
AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि उनके आठ बच्चे हैं, जबकि उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं. उन्होंने कहा कि जब अल्लाह दे रहा है तो उसे लेना चाहिए. लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब अल्लाह दे रहा है, लेते रहिए. देश में कुछ लोग हमारी बढ़ती आबादी से परेशान हैं, लेकिन आबादी बढ़ेगी तो ही देश मजबूत होगा. मॉब लिंचिंग और मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा पर बोलते हुए कहा कि अब हिंदू संगठनों की महिलाएं भी मुस्लिमों के साथ बदतमीजी करने लगी हैं.
बढ़ा है मुस्लिमों का उत्पीड़न
शौकत अली ने कहा कि हमारे मदरसों को आतंकवाद का अड्डा बताया जा रहा है. मुस्लिम बच्चियों के सार्वजनिक रूप से नकाब खींचे जाते हैं. गोश्त के नाम पर मॉब लिंचिंग की घटनाएं हो रही हैं. यहां तक कि ट्रेन और बसों में सफर करते वक्त हमारे समाज के लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते. कई बार उनकी दाढ़ी तक नोच ली जाती है. शौकत अली के इन बयानों से राजनीतिक माहौल गरमा गया है. विभिन्न राजनीतिक दल अलग-अलग प्रतिक्रिया कर रहे हैं.