सुल्तानपुर MP-MLA कोर्ट में पेश होने के बाद राहुल बोले- मुझपर लगे सभी आरोप राजनीतिक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित अपमानजनक टिप्पणी मामले पर राहुल गांधी तकरीबन 11 बजे सुल्तानपुर में MP-MLA कोर्ट में हाजिर हुए. वह आधे घंटे तक कोर्ट में मौजूद रहे. पेशी के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि मुझ पर लगे सभी आरोप राजनीतिक हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज भारी सुरक्षा के बीच सुल्तानपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश हुए. उन्होंने MP-MLA अदालत में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सीआरपीसी 313 के तहत बयान दर्ज कराया. कोर्ट अब इस मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को करेगी.
राहुल गांधी तकरीबन 11 बजे सुल्तानपुर में MP-MLA कोर्ट में हाजिर हुए. वह आधे घंटे तक कोर्ट में मौजूद रहे. पेशी के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझ पर लगे सभी आरोप राजनीतिक हैं. बता दे कि इस मामले में राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को भी कोर्ट में पेश हुए थे. हालांकि उसके बाद वह कई तारीखों पर गैरहाजिर रहें. 19 जनवरी को भी उन्हें अदालत में पेश होना था.
कोर्ट ने 20 फरवरी को पेश होने का दिया था आदेश
आदेश के बावजूद 19 जनवरी को राहुल गांधी के गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने कड़ा रूख अपनाया था. अदालत ने राहुल गांधी 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आखिरी मौका दिया था. इसी सिलसिले में राहुल गांधी सुल्तानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होने आए थे.
साल 2018 में राहुल गांधी पर दर्ज हुआ था केस
साल 2018 में सुल्तानपुर जिले हनुमानगंज इलाके के बीजेपी के स्थानीय नेता विजय मिश्राने राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया था. विजय मिश्रा का आरोप था कि अगस्त 2018 में कर्नाटक में एक प्रचार के दौरान, राहुल ने अमित शाह के बारे में गलत बातें कहीं. अमित शाह उस वक्त बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे.
क्या था राहुल गांधी का बयान?
शिकायकर्ता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के उस बयान का जिक्र किया था जिसमें उन्होंने कहा था बीजेपी ईमानदार और साफ-सुथरी राजनीति का वादा करती है, जबकि इसे एक ऐसे पार्टी अध्यक्ष लीड कर रहे हैं जो एक हत्या के केस के आरोपी हैं. इसके बाद ही विजय मिश्रा ने राहुल गांधी पर अमित शाह को लेकर अपमानजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कर दिया था.
