CBSE ओएसम विवाद पर जयंत बोले- मेरी बेटियों ने भी दी है बोर्ड परीक्षा, दर्द समझता हूं

राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान CBSE परीक्षा परिणाम और मूल्यांकन विवाद पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उनकी बेटियों ने भी इस साल बोर्ड परीक्षा दी है, इसलिए वह छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को समझते हैं. जयंत ने कहा कि री-सबमिशन प्रक्रिया जारी है और आंकड़ों के आधार पर कमियों को दूर किया जाएगा.

RLD प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. इसी कड़ी में मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में RLD प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय यादव के पार्टी में शामिल होने पर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि यह क्षेत्र पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रहा है.

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने NEET, CBSE रिजल्ट और परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों और अभिभावकों की चिंता पर भी खुलकर बात की. रैली के बाद मीडिया से बातचीत में जयंत चौधरी ने देशभर में चर्चा का विषय बने परीक्षा परिणाम और मूल्यांकन विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उनकी अपनी बेटियों ने भी इस साल बोर्ड परीक्षा दी है, इसलिए वह छात्रों और अभिभावकों की चिंता को अच्छी तरह समझते हैं.

‘हम सब इसी प्रक्रिया का हिस्सा हैं’

जयंत चौधरी ने कहा, ‘मेरी बेटियों ने भी इस साल बोर्ड एग्जाम दिया है. हम सब इसी प्रक्रिया का हिस्सा हैं. 6 तारीख तक री-सबमिशन की प्रक्रिया चल रही है. आंकड़े सामने आएंगे तो जहां कमी होगी उसे ठीक किया जाएगा.’ जयंत चौधरी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने पेपर लीक जैसी घटनाओं को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल ही इसका स्थायी समाधान हो सकता है.

राहुल गांधी के बयान पर कसा तंज

रालोद प्रमुख जयंत चौधरी का कहना है कि आधुनिक टेक्नोलॉजी के जरिए परीक्षा प्रक्रिया को और सुरक्षित तथा पारदर्शी बनाया जा सकता है. वहीं पश्चिमी यूपी के राजनीति के सवालों पर भी जयंत चौधरी ने बेबाकी से जवाब दिया. राहुल गांधी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने एक साल के भीतर केंद्र सरकार के गिरने की बात कही थी, जयंत चौधरी ने तंज कसा. जयंत ने कहा कि उन्हें नहीं पता राहुल गांधी किस आधार पर ऐसा दावा कर रहे हैं.

जयंत बोले- अपना कार्यकाल पूरा करेगी मोदी सरकार

जयंत चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है… एनडीए सरकार मजबूत है, स्थिर है और अपना कार्यकाल पूरा करेगी. जब जयंत से 2027 में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन की चुनौती को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने फिलहाल इस पर ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि चुनाव में अभी काफी समय बाकी है. हालांकि राजनीतिक जानकार मानते हैं कि पश्चिमी यूपी में रालोद अपनी ताकत को फिर से मजबूत करने में जुटी है.

पश्चिमी यूपी में अपनी ताकत बढ़ा रही है जयंत

मुरादाबाद की रैली से जयंत चौधरी ने कई तरह के संदेश देने की कोशिश की है. एक तरफ छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं से खुद को जोड़कर संवेदनशील नेता की छवि पेश की, तो दूसरी तरफ विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए एनडीए की मजबूती का भरोसा भी जताया. मिशन 2027 की राजनीति में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अहमियत को देखते हुए रालोद की सक्रियता आने वाले दिनों में और बढ़ने के संकेत दे रही है.

Follow Us