फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण में बड़ा हादसा, क्रेन पलटी; कई मजदूर दबे
फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी फ्लाईओवर निर्माण के दौरान एक भारी क्रेन पलट गई. बारिश से नरम हुई जमीन पर गाटर उठाते समय यह हादसा हुआ, जिसमें कई मजदूर दब गए. बचाव कार्य जारी है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका है.
फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर प्रोजेक्ट पर गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया. पनहेड़ा खुर्द गांव के पास निर्माण कार्य के दौरान लोहे के गाटर उठाने में लगी एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई. क्रेन के पलटते ही मौके पर हड़कंप मच गया और वहां काम कर रहे कई मजदूर भी चपेट में आ गए. हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टी है.
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय निर्माण स्थल पर फ्लाईओवर के लिए भारी गटर उठाने का काम किया जा रहा था. तेज बारिश के कारण जमीन काफी गली हो गई थी. इसी दौरान जब भारी सामान उठाया जा रहा था, तभी अचानक क्रेन का बैलेंस बिगड़ गया और वह पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय मौके पर 6 से 7 मजदूर काम कर रहे थे.
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम रोका गया
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू किया और क्रेन के नीचे फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव टीम मौके पर पहुंची. घायल मजदूरों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया है.
वहीं, हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम रोक दिया गया है और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. वहीं दूसरी ओर प्रशासन और पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. पता लगाया जा रहा है कि आखिर क्रेन पलटने के पीछे सिर्फ जमीन धसने का कारण था या फिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानको में किसी तरह की लापरवाही हुई है?
मशीनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच जारी
हादसे में घायल मजदूरों को सर्वोदय हस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां दो मजदूरों की मौत हो गई है, वहीं एक की हालत गंभीर बनी हुई है. अधिकारियों का कहना है की जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी. वहीं घटना के बाद पुलिस की ओर से निर्माण स्थल पर मौजूद मशीनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है.
