राजभर ने लिया नाम तो ‘बागी बलिया के लाल’ बोले- समझ नहीं आ रहा है…
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के 'बागी बलिया' ट्वीट पर सपा सांसद सनातन पांडेय ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि राजभर के बयान उन्हें "हंसी-मजाक" जैसे लगते हैं और समाजवादी पार्टी ने उन्हें विधायक व सांसद बनाया. उन्होंने सपा में टूट की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है.
सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के ‘बागी बलिया’ वाले ट्वीट पर अब समाजवादी पार्टी (सपा) के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने पलटवार किया है. दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान सनातन पांडेय ने राजभर के दावों को हास्यास्पद बताते हुए कहा, ‘मुझे ये सारे बयान हंसी-मजाक जैसे लग रहे हैं… मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि कोई मेरे बारे में इस तरह की टिप्पणी करेगा… समझ नहीं आ रहा कि इसका जवाब कैसे दूं.’
सांसद सनातन पांडेय ने कहा, ‘अब तक समाजवादी पार्टी ने मुझे विधायक और सांसद बनने की मेरी इच्छा पूरी की, लेकिन ओम प्रकाश राजभर ने तो मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बना दिया, मैं समाजवादी हूं.’ सनातन पांडेय ने 5 अगस्त को समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर प्रस्तावित कार्यक्रम का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2027 की तैयारियों को लेकर एक बड़ा आयोजन किया जा रहा, जिसमें भारी उत्साह देखने को मिला.’
सनातन पांडेय ने क्यों दिया ये बयान?
बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने कहा, ‘इस कार्यक्रम को लेकर समाज के सभी वर्गों का समर्थन मिला.’ उन्होंने कहा, ‘वहां मौजूद किसी ब्राह्मण को कोई आपत्ति नहीं थी. बल्कि एक ब्राह्मण समाज के व्यक्ति ने लोगों को कार्यक्रम तक लाने के लिए 10 बसों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी ली थी.’ इस बयान के जरिए सपा सांसद ने यह संदेश देने की कोशिश की कि भाजपा और उसके सहयोगियों द्वारा फैलाए जा रहे टूट और असंतोष के दावों में कोई सच्चाई नहीं है.
‘सपा में बगावत का नेतृत्व ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा’
इससे पहले योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ट्वीट किया था, ‘कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा.. और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है, योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है.’
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, ‘सपा में टूट होकर रहेगी, मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, ऐसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें… और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे.’
राजभर ने पूछा- कांप क्यों रहे हो अखिलेश?
इसके बाद योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक और ट्वीट करके कहा, ‘खनन और गोमती रिवर फ्रंट का पैसा कहां खपा रहे हैं ये बात डिंपल, राम गोपाल यादव और अखिलेश यादव के अलावा ओम प्रकाश राजभर को भी पता है… एक खुलासे से आपकी ये हालत हो गई… फाइलों का पूरा पुलिंदा लेकर बैठा हूं… कांप क्यों रहे हो अखिलेश? आंख खोलते ही बलिया फोन मिला दिए न?’
