लड़ना है प्रधानी तो शुरू करिए तैयारी, इस तारीख को हो सकती है चुनाव की घोषणा; मंत्री ने बताई अंदर की बात

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की घोषणा जल्द होने वाली है. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि 28 फरवरी को अंतिम वोटर लिस्ट आने के तत्काल बाद चुनाव घोषित कर दिए जाएंगे. सभी 75 जिलों में बैलेट पेपर पहुंचाए जा चुके हैं. मंत्री ने उम्मीदवारों से तैयारी शुरू करने की अपील की है. कहा कि चुनाव समय पर ही होंगे.

पंचायत चुनाव पर बड़ा अपडेट

उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की घोषणा कभी भी हो सकती है. इन चुनावों के लिए बैलेट पेपर की छपाई पूरी हो चुकी है. ये बैलेट पेपर सभी 75 जिलों में पहुंचा दिए गए हैं. यह जानकारी खुद उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सुलतानपुर में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दी. कहा कि 28 फरवरी को पंचायत चुनावों के लिए फाइनल वोटर लिस्ट आ जाएगी.

बता दें कि उत्तर प्रदेश में पंचायतों का कार्यकाल जल्द ही पूरा होने वाला है. इससे पहले प्रदेश सरकार पर गांव की सरकार चुन लेने का दबाव है. चूंकि अभी तक सरकार की ओर से कोई अपडेट नजर नहीं आ रहा, ऐसे में लोगों में कंफ्यूजन की स्थिति है. बावजूद इसके, गांवों में सियासी हलचल तेज हो गई है. एक तरफ उम्मीदवार गांव में अपनी जमीन तैयार करने में पूरी ताकत झोंक चुके हैं, पानी की तरह पैसा भी बहाया जा रहा है. बावजूद इसके, कोई यह बता नहीं पा रहा है कि चुनाव कब होंगे, टाइम पर हो भी पाएंगे या नहीं?

सभी जिलों में पहुंचे बैलेट पेपर

इसी तरह के सवालों पर विराम लगाने के लिए पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कोशिश की है उन्होंने साफ कर दिया है कि पंचायत चुनाव समय पर होंगे. इसके लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है. उन्होंने इस चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे लोगों को भी कमर कस लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सभी 75 जिलों में बैलेट पेपर पहुंचा दिए गए हैं. चुनाव में संभावित अन्य अड़चनों को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.

वोटर लिस्ट आते ही चुनाव की घोषणा

मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि किसी भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है. 28 फरवरी को फाइनल वोटर लिस्ट आ जाएगी. इसके तत्काल बाद चुनावों की घोषणा कर दी जाएगी. इसलिए कोई भी किसी तरह की दुविधा में ना रहे. जिन्हें चुनाव लड़ना है, वो तैयारी करें. उन्होंने फिर दोहराया कि पंचायत चुनाव समय पर होंगे और पूरी तैयारी के साथ होंगे. इन चुनावों के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है.