2022 चुनाव में इन 15 सीटों पर 1000 वोटों के अंतर से हुआ हार-जीत, अब SIR में कट गए इतने नाम

उत्तर प्रदेश में SIR के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची ने राजनीतिक हलचल मचा दी है. पूरे प्रदेश में कुल 2 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम कटे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव की जिन 15 सीटों पर जीत का अंतर 1000 से कम था, वहां भी बड़ी कैंची चली हैं. अब इन सीटों पर राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं.

उत्तर प्रदेश में SIR के बाद इन 15 सीटों पर बदल गया समीकरण

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. पूरे प्रदेश में कुल 2,04,45,300 मतदाताओं के नाम कटे, जो कुल मतदाताओं का 13.24 प्रतिशत है. SIR के बाद कम वोट और मार्जिन वाली सीटों पर भी बड़ी कैंची चली है. 2022 के चुनाव की 15 सीटों पर हार और जीत का अंतर 1000 वोटों से भी कम था.

यूपी की इन 15 सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि मतदाता कटौती ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं. SIR के बाद इन सीटों पर 21,000 से 72,000 तक वोट कम हुए हैं. बता दें कि इन पंद्रह सीटों में फिलहाल बीजेपी के पास 6, समाजवादी पार्टी के पास 7 और RLD के पास दो सीटें हैं.

इन सीटों पर SIR का कितना प्रभाव? बदले समीकरण

साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में 1000 से भी कम वोटों से कुल 15 सीटों पर फैसला हुआ था. इन कम मार्जिन वाली सीटों पर भी SIR की मार भर के पड़ी है. धामपुर विधानसभा पर बीजेपी के अशोक राणा महज़ 203 वोटों से जीते थे. समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर रहे थी. SIR के बाद 29821 वोट कम हो गए हैं. यह कुल वोट का 14.54% है.

कुर्सी विधानसभा सीट जहां 2022 में बीजेपी प्रत्याशी 217 वोट से जीतने में कामयाब रहे, वहां अब 34925 वोट कट गए हैं. मतलब कुल वोट का 12.1 %. इस सीट पर जीत का अंतर 0.08% रहा था. वहीं, चांदपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी 234 वोटों से जीती थी. इस सीट पर कुल 2,24,374 वोट थे, अब 28496 वोट कट चुके हैं. मतलब 12.7% वोट आउट.

ऐसे ही नहतौर सीट पर बीजेपी के ओम कुमार को 258 वोटों के कम अंतर से जीत मिली थी. SIR के बाद यहां 11.6% वोट कम हुए हैं. कुल 23,359 वोट SIR के बाद कट गए हैं. पांचवे नंबर पर राम नगर विधानसभा है, जहां सपा के फरीद महफूज किदवई की 261 वोटों से जीत हुई थी. इस सीट पर अब 37709 वोट कम हो गए हैं. जो 16% हैं.

मुरादाबाद नगर में सबसे ज़्यादा 22.53% वोट कटे

इसौली, बिलासपुर, बरौत, नाकुर, कटरा, दिबियापुर, शाहगंज, डोमरियागंज, मुरादाबाद नगर और जसराना ये तमाम वो विधानसभा सीटें हैं जो मतदाता संख्या के हिसाब से भी छोटे हैं. इनमें सबसे ज्यादा वोट मुरादाबाद नगर में 321,704 थे जो घट कर 2,49,216 रह गए हैं. छोटी विधानसभा सीटों की बात करें तो मुरादाबाद नगर में सबसे ज़्यादा 22.53% वोट कटे हैं.

वोटों के लिहाज से सबसे छोटी विधानसभा कटरा है जहां 2022 विधानसभा चुनाव में 194967 वोट थे. SIR के बाद यहां 58270 वोट और कम हो गए. यहां लगभग 30% वोट कटे हैं. अब इस सीट पर मतदाताओं की संख्या 1,36,697 मात्र रह गई. पिछले विधानसभा चुनाव में यहां जीत का अंतर महज़ 357 वोटों का था. अब सवाल है कि इससे किस पार्टी को नुकसान होगा?

Follow Us