राजपाल यादव पर एक और मुसीबत! पैतृक संपत्ति होगी नीलाम, बैंक से लिए था 16 करोड़ का लोन

एक्ट राजपाल यादव और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं. चेक बाउंस के बाद अब एक्टर को 16 करोड़ के लोन में बड़ा झटका लगा है. लोन की वसूली के लिए बैंक ने शाहजहांपुर स्थित उनकी पैतृक संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस चस्पा किया है. साथ ही बैंक ने नीलामी की तारिख भी तय कर दी है.

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव (फाइल फोटो) Image Credit:

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं. चेक बाउंस के बाद अब एक्टर को 16 करोड़ के पुराने लोन मामले में बड़ा झटका लगा है. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उनकी पैतृक संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है. शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र स्थित उनकी संपत्ति पर नीलामी का नोटिस चस्पा किया गया है.

बैंक के मुताबिक, एक्टर राजपाल यादव, उनकी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी देवी के नाम पर 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार 638 रुपये का लिया लोन अभी तक बकाया है. यह लोन फिल्म अता-पता लापता’ के निर्माण के लिए लिया गया था. इस फिल्म का निर्देशन राजपाल यादव ने किया था, जबकि निर्माता उनकी पत्नी राधा यादव थीं.

पुवायां तहसील के बंडा स्थित घर की निलामी

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाहजहांपुर शाखा के लीगल एडवाइजर एडवोकेट सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि पुवायां तहसील के बंडा स्थित गाटा संख्या 1410, 1411, 1412 और 1413 में दर्ज भूमि और उस पर बने भवन को नीलामी के लिए सूचीबद्ध किया गया है. इस संपत्ति का आरक्षित मूल्य 3 करोड़ 10 लाख रुपये निर्धारित किया गया है.

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंबई शाखा के लोन वसूली न्यायाधिकरण (DRT) के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है. नीलामी में भाग लेने के इच्छुक बोलीदाताओं को 31 लाख रुपये की बयाना राशि बैंक में जमा करनी होगी. बैंक ने नीलाम की तारिख 9 सितंबर 2026 तय की है, इससे पहले अगर बकाया जमा कर दी जाती है तो नीलामी स्थगित हो जाएगी.

परिवार ने कोई टिप्पणी करने से कर दिया इनकार

हाल ही में राजपाल यादव का नाम चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में भी सुर्खियों में आया था. अब बैंक की इस कार्रवाई ने उनको बड़ा झटका दिया है. इस पूरे मामले पर जब राजपाल यादव के परिवार से संपर्क किया गया तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. परिवार का कहना है कि अभिनेता खुद इस मामले में अपना पक्ष रखेंगे.

Follow Us