रूठी बीवी को मनाने ससुराल पहुंचा था युवक, ना मानी तो चाकू घोंपकर ले ली जान; मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां पति की शराब की लत और मारपीट से परेशान होकर मायके में बैठी पत्नी को मनाने ससुराल आए युवक ने चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या कर दी. पत्नी ने साथ जाने से इनकार किया तो आरोपी आक्रोशित हो गया और इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

मौके पर पहुंची आगरा पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश की ताज नगरी आगरा में एक रूह कंपा देने वाली वारदात हुई है. यहां ससुराल आए एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी है. वारदात मंगलवार शाम आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में कोल्हाई मोहल्ले का है. वारदात के बाद ससुरालियों ने आरोपियों को दबोच लिया. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाली 40 वर्षीय महिला कुंती देवी अपने पति से रूठकर मायके आई थी. उसका पति रणवीर उर्फ रानू मंगलवार की सुबह उसे मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था. उसने पत्नी को मनाने की खूब कोशिश की, खूब मनुहार किया, लेकिन पत्नी ने उसके साथ लौटने से साफ इनकार कर दिया. इससे गुस्साए रानू ने चाकू से गोदकर बेरहमी से अपनी पत्नी की हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन ससुरालियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया.

कोर्ट में लंबित था दोनों का झगड़ा

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के मुताबिक कुंती देवी की शादी 21 साल पहले डौकी निवासी रणवीर से हुई थी. पति की शराब पीने की लत और मारपीट से परेशान होकर कुंती पिछले एक साल से अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी. इन दोनों के बीच विवाद का मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है. परिजनों ने बताया कि मंगलवार की सुबह रणवीर अपने पिता के साथ कुंती को ले जाने आया था. लेकिन कुंती इनके साथ नहीं जाना चाहती थी, इसलिए साथ जाने से मना कर दिया.

नशे की हालत में दी वारदात को अंजाम

परिजनों के मुताबिक शाम करीब 4 बजे रणवीर शराब के नशे में धुत होकर दोबारा आया और घर में घुसकर कुंती को बाल पकड़कर बाहर घसीटने लगा. कुंती के विरोध करने पर उसने चाकू निकालकर उसके सीने, पेट और हाथों पर ताबड़तोड़ छह वार किए. जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी. गंभीर रूप से घायल कुंती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. जहां इलाज के दौरान कुंती ने दम तोड़ दिया.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी पति को हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात की जांच हर संभावित एंगल से कराई जा रही है. वहीं घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. खासतौर पर दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Follow Us