मुरादाबाद में AIMIM के यूथ जिला अध्यक्ष पर FIR, युवती को बहलाकर भगाने का आरोप; तलाश में पुलिस
मुरादाबाद में AIMIM के यूथ जिलाध्यक्ष मुजाहिद पर एक 21 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगा है. मझोला थाने में युवती के पिता की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी में जुटी है.
मुरादाबाद में 21 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में AIMIM के यूथ जिला अध्यक्ष मुजाहिद और उसके साथी नदीम के खिलाफ मझोला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. युवती के पिता मोहम्मद आसिम ने दोनों पर उनकी बेटी को बहलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है.
पूरा मामला मझोला थाना क्षेत्र के आजाद नगर इलाके का है. पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 6 सितंबर को युवती अचानक घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा. पिता ने पड़ोस में रहने वाला AIMIM नेता पर भगाने का आरोप लगाया है.
AIMIM नेता के साथी नदीम पर भी आरोप
युवती के पिता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला AIMIM नेता मुजाहिद पुत्र सत्तार उनकी बेटी को बहलाकर कहीं ले गया है. पीड़ित पिता ने अपनी शिकायत में मुजाहिद के साथी नदीम का भी जिक्र किया है. आरोप है कि जब परिवार बेटी की तलाश कर रहा था, तभी नदीम ने उनसे संपर्क किया और कहा कि अब उनकी बेटी वापस नहीं लौटेगी.
इस बात के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई. पूरा परिवार मानसिक तनाव और दहशत में है. मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस से शिकायत की. परिवार ने पुलिस से युवती को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है.
तड़के BNS की धारा 87 में दर्ज हुई FIR
पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने 7 सितंबर 2026 की तड़के 02:13 बजे एफआईआर दर्ज की है. शिकायत के आधार पर BNS की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, प्रकरण की विवेचना उप-निरीक्षक (SI) सतीश कुमार को सौंपी गई है, जो मामले के हर कानूनी और तथ्यात्मक पहलू की गहनता से जांच कर रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि सर्विलांस टीम और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास लगातार जारी हैं. जल्द ही युवती को सकुशल बरामद कर नामजद आरोपियों पर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी. इस घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हुई है.