यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 IPS समेत 28 अफसरों का तबादला; ATS और STF में भी नई तैनाती
यूपी में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. 10 IPS समेत कुल 28 अधिकारियों का कार्यक्षेत्र बदला गया है. IPS पुनीत द्विवेदी को प्रतीक्षारत से अपर पुलिस उपायुक्त, लखनऊ बनाया गया.
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. शासन स्तर से जारी तबादला सूची में 10 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत 28 अफसरों का तबादला किया गया है. इनमें अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) समेत ATS और STF में भी तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है.
तबादला सूची के मुताबिक, 2020, 2021 और 2022 बैच के IPS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. पुनीत द्विवेदी को प्रतीक्षारत से अपर पुलिस उपायुक्त, लखनऊ बनाया गया. अमित कुमारावत को लखनऊ से गाजियाबाद भेजा गया. वहीं, IPS किरण यादव को लखनऊ से एसटीएफ मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) बनाया गया.
IPS शैव्या गोयल को गाजियाबाद भेजा गया
वहीं, IPS नीतू को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट से गौतमबुद्धनगर, शिवा सिंह को कानपुर नगर से आगरा और IPS पुष्कर वर्मा को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट से फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है. जबकि IPS आदित्य को आगरा से बदायूं ASP (ग्रामीण) बनाया गया है. शैव्या गोयल को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है.
वहीं, IPS भवरे दीक्षा अरुण को शाहजहांपुर से मेरठ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. जबकि, माविस टॉक को सोनभद्र से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है.
10 IPS के अलावा 18 PPS का तबादला
तबादला सूची के मुताबिक, कुमार रणविजय सिंह को मुरादाबाद से आजमगढ़, अनूप कुमार को भदोही से सोनभद्र और देवेंद्र सिंह प्रथम को 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर से शाहजहांपुर भेजा गया है. वहीं, अतुल कुमार चौबे को मुजफ्फरनगर से मथुरा, ममता कुशील को अलीगढ़ से मुजफ्फरनगर, गिरीश कुमार सिंह को फतेहगढ़ से अलीगढ़ और पीयूष कुमार सिंह को गाजियाबाद से मैनपुरी में नई जिम्मेदारी दी गई है.
वहीं, अभिषेक तिवारी को मैनपुरी से मुरादाबाद, नितिन कुमार सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर से पीटीसी मुरादाबाद, जबकि श्रेष्ठा को एटीएस लखनऊ से 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर भेजा गया है. जबकि नवीन कुमार सिंह को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में स्टाफ ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है. नवीन शुक्ला को ईओडब्ल्यू मुख्यालय, लखनऊ में तैनाती मिली है. इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों के भी कार्यक्षेत्र बदले गए हैं.