अलीगढ़ में BJP नेता की गुंडागर्दी, पड़ोसी के सीने पर तान दी पिस्टल, वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर अलीगढ़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है.इस वीडियो में एक बीजेपी नेता ने पड़ोसी को जान से मारने की नीयत से अपनी पिस्टल उसके सीने पर तान दी है. वीडियो के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. बीजेपी नेता को हिरासत में ले लिया गया है.
अलीगढ़ से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के कोतवाली बन्ना देवी क्षेत्र के रघुवीरपुरी क्षेत्र में बीजेपी के नेता और मोबाइल कारोबारी हेमंत गर्ग ने अपने पड़ोसी विशाल शर्मा के सीने पर पिस्टल तान दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे हड़कंप
वायरल वीडियो में साफतौर पर देखा जा सकता है कि बीजेपी ने अपने पड़ोसी को जान से मारने की नीयत से अपनी पिस्टल उसके सीने पर तान दी. इस बीच एक युवक भाजपा नेता के पास पहुंचा और उसके हाथों से पिस्टल छीन ली. इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने कैमरे में कैद कर लिया.
सोशल मीडिया पर भाजपा नेता द्वारा पड़ोसी के सीने पर पिस्टल ताननें का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी भाजपा नेता को हिरासत में ले लिया. अब पुलिस पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है.
हो सकती थी बड़ी अनहोनी
भाजपा नेता हेमंत गर्ग और उसके पड़ोसी विशाल शर्मा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. इसके बाद भाजपा नेता अपने घर पहुंचा. घर के अंदर रखी लाइसेंसी पिस्टल को अपने हाथों में लेकर पड़ोसी विशाल शर्मा के पास पहुंचा. फिर पिस्टल पड़ोसी पर तान दी. हालांकि, किसी अन्य व्यक्ति ने समझदारी दिखाते हुए पिस्टल बीजेपी नेता से छीन ली.
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में क्षेत्रअधिकारी नगर द्वितीय कमलेश कुमार का कहना है कि 5 मार्च 2026 को दिन के करीब 3:00 बजे के आसपास थाना बन्नादेवी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई की रघुवीर पुरी में दो पक्ष हेमंत गर्ग और विशाल शर्मा लड़ाई झगड़ा हो रहा है. इस झगड़े में हेमंत गर्ग के द्वारा अपनी लाइसेंसी पिस्टल अपने पड़ोसी विशाल शर्मा के सीने पर तान दी गईं.
कमलेश कुमार ने आगे बताया कि जैसे ही सूचना मिली तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहंच गई. आरोपी हेमंत गर्ग तुरंत हिरासत में लिया गया.पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ थाने पर अभियोग पंजीकृत किया गया है. इस मामले में अन्य आवश्यक विधिक करवाई पुलिस द्वारा की जा रही है.
