डोली-पालकी नहीं, ऊंट पर सवार होकर आई दुल्हन; सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक दुल्हन ने अपनी शादी में ऊंट पर सवार होकर अनोखी एंट्री की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. गूगल से प्रेरित होकर यह विचार आया, जिसने शादी को यादगार बना दिया. इस शाही अंदाज को देख बाराती हैरान रह गए और लोगों ने इसे खूब पसंद किया, जिससे यह पल चर्चा का विषय बन गया है.
अब तक डोली, पालकी या हेलीकॉप्टर से दुल्हन के आने की खबरें खूब आती थी, लेकिन उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ऊंट पर सवार एक दुल्हन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जयमाल के स्टेज पर सब लोग दुल्हन का इंतजार कर रहे थे, नजरें दरवाजे पर टिकीं थीं. तभी दूसरी ओर से दुल्हन ऊंट पर सवार होकर स्टेज के पास पहुंच गई. यह देखकर सभी बाराती ताली बजाने लगे. यह वायरल वीडियो 14 फरवरी की रात का बताया जा रहा है.
शादी का जोड़ा पहने हुए दुल्हन का अंदाज राजस्थान के शाही घरानों वाला था. ऊंट पर सवार होकर जब वह विवाह समारोह में पहुंची तो घराती-बाराती सभी लोग ताली बजाने लगे. दावा किया जा रहा है कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब कोई दुल्हन ऊंट पर सवार होकर अपने विवाद समारोह में आई हो. लोगों ने इसे यादगार पल बताते हुए खूब तस्वीरें भी खिंचाईं. दुल्हन ने भी अलग अलग पोज देकर खुशी के इन यादगार पलों को कैमरे में कैद कराया.
गूगल से लिया था आइडिया
जानकारी के मुताबिक अलीगढ़ में तलाशमपुर में रहने वाले शंकर लाल सैनी की बेटी मिताली की शादी 14 फरवरी को हुई. इसके लिए मदन पैलेस में भव्य इंतजाम किए गए थे. इस समारोह से पहले ही दुल्हन ने अपनी शादी को यादगार बनाने की योजना पर काफी काम किया था. खासतौर पर वह चाहती थी कि समारोह में उसकी एंट्री धमाकेदार हो. इसी दौरान उसके मौसेरे भाई सचिन ने गूगल पर ऊंट से बारात में एंट्री का आइडिया दिया और दुल्हन को इसी तरीका अपनाने को कहा. यह सुनकर मिताली खुश हो गई और उसने ऊंट का इंतजाम करने की जिम्मेदारी सचिन को दे दी.
सोशल मीडिया पर खूब हो रही चर्चा
सचिन ने बताया कि गूगल पर उन लोगों राजस्थानी शादी के कई सारे फोटो और वीडियो देखे. इसमें उन्हें जैसलमेर की स्टाइल पसंद आई. घर में भी जब इस स्टाइल की चर्चा हुई तो परिजनों ने भी इसकी सराहना की. फिर एक ऊंट मालिक से बात किया और 10 हजार रुपये में बुक कर लिया. वहीं जब दुल्हन इस ऊंट पर सवार होकर समारोह में आई तो इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो गई. लोग इन तस्वीरों की खूब चर्चा कर रहे हैं.
