15 घंटे, 5 टीमें और 110 CCTV… अलीगढ़ से लापता हुईं 4 नाबालिग छात्रा वृंदावन से बरामद

अलीगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन स्माइल' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. जिले से लापता हुईं चार नाबालिग लड़कियों को मात्र 15 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने 110 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद उन्हें खोज निकाला.

अलीगढ़ SSP नीरज जादौन (फाइल फोटो)

अलीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घर से लापता चार नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने 15 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत यह अभियान चलाया, जिसका निर्देशन एसएसपी अलीगढ़ नीरज जादौन कर रहे थे. उन्होंने इस इस सफल अभियान के लिए पुलिस टीम को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया.

जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ जिले के थाना अतरौली अंतर्गत ग्राम अहमदपुरा की चार नाबालिग लड़कियां 20 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे घर से बिना बताए गायब हो गई थी. इन सभी लड़कियों की उम्र 12 से 15 साल के बीच है और ये 7वीं और 8वीं कक्षा की छात्राएं हैं. पुलिस ने चारों लाडकियों को मथुरा के वृंदावन से सकुशल बरामद किया है.

परिजनों की डांट से घर छोड़कर चली गई थी छात्राएं

एसएसपी नीरज जीदौन ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच में सामने आया है कि छात्राएं परिजनों की डांट या घरेलू कारणों से घर छोड़कर चली गई थीं. मामले में अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है. चारों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था.

परिजनों की सूचना पर एसएसपी नीरज जादौन के निर्देश पर पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था. ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने करीब 110 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जानकारी जुटाई और महज 15 घंटे के भीतर चारों छात्राओं को मथुरा के वृंदावन से सकुशल बरामद कर लिया.

माता-पिता और बच्चों की काउंसलिंग भी होगी- SSP

एसएसपी नीरज जीदौन ने आखिर में यह कहा कि उनके माता-पिता और बच्चों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी, ताकी भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके. साथ ही ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत इस इस सफल कार्रवाई के लिए एसएसपी ने पूरी पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है.

Follow Us