अलीगढ़ में हॉर्न बजाने पर खूनी विवाद! बाइक सवार की मौत, BJP के पूर्व जिलाध्यक्ष की ऑडी जब्त

अलीगढ़ में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई. वहीं मामले में पुलिस ने ऑडी कार जब्त कर ली है. यह कार भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह की है. घटना के समय उनका रिश्तेदार कार चला रहा था, जो अब फरार है.

पूर्व भाजपा नेता की ऑडी जब्त, ड्राइवर फरार Image Credit:

अलीगढ़ में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में पुलिस ने ऑडी कार जब्त कर ली है. यह कार बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह की है. घटना के समय उनका रिश्तेदार कार चला रहा था, जो अब फरार है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वाहन का पता लगाकर जांच में जुटी है, हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस अधीक्षक (नगर) आदित्य बंसल ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि घटना 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि के आसपास सारसौल इलाके में हुई थी. घटना के समय कार कथित तौर पर देवराज सिंह का एक रिश्तेदार चला रहा था. आरोप है कि हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद ऑडी चालक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी.

हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस अधीक्षक (नगर) आदित्य बंसल ने बताया कि बाइक पर मृतक मनोज कुमार के साथ पीछे बैठे कन्हैया ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, हॉर्न बजाने को लेकर उनकी ऑडी चालक से बहस हो गई थी. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद चालक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी.

टक्कर लगने के बाद बाइक सवार मनोज कार के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गई. जबकि हादसे में बाइक पर पीछे बैठे कन्हैया भी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद से आरोपी चालक फरार है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि ऑडी सवार दबंगों ने मनोज को जान से मारने की धमकी दी थी और सख्त कार्रवाई की मांग की

CCTV फुटेज से हुई ऑडी की पहचान

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी की मदद से कथित तौर पर घटना में शामिल ऑडी कार का पता लगाया गया. जांच के दौरान कार के मालिक की पहचान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह के रूप में हुई. पुलिस ने बुधवार को कार जब्त कर ली.

एसपी सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक, आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है. इस मामले में बन्नादेवी थाने में BNS की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. आरोपी चालक की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

Follow Us