सास-दामाद लव स्टोरी में नया ट्विस्ट, महिला बोली- बंधक बनाकर मारपीट करता था राहुल

अलीगढ़ के सास-दामाद लव स्टोरी में नया ट्विस्ट आया है. दामाद राहुल ने सास पर अब उसका साथ छोड़ अपने बहनोई के साथ भागने का आरोप लगाया है. वहीं, सास ने दामाद राहुल पर बंधक बनाकर मारने-पीटने के गंभीर इल्जाम लगाए हैं.

अलीगढ़ सास-दामाद लव स्टोरी ( एआई जनरेटेड इमेज)

10 महीने पहले अलीगढ़ से सास और दामाद की एक लव स्टोरी खूब वायरल हुई थी. दरअसल, यहां के मनोहरपुर गांव की रहने वाली एक महिला अपने ही दामाद के संग फरार हो गई थी. अब खबर आ रही है कि महिला ने दामाद राहुल का भी साथ छोड़ दिया है. वह अब अपने बहनोई संग फुर्र हो चुकी है. दामाद राहुल ने अपनी सास पर दो लाख रुपये कैश और जेवरात भी ले जाने का आरोप लगाया है.

महिला ने दामाद पर लगाया गंभीर आरोप

दामाद के आरोपों पर सास की प्रतिक्रिया सामने आ रही है. उसने खुद थाना दादों पहुंचकर अपने दामाद पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि उसे अपने किए पर अफसोस है. दामाद राहुल उसे बंधक बनाकर रखता था. जमकर मारपीट करता था. इसके अलावा उसने राहुल पर लड़कियां बेचने का भी आरोप लगाया है.

10 महीने पहले क्या हुआ था?

अप्रैल 2025 में राहुल की शादी मनोहरपुर की एक लड़की से तय हुई थी. सगाई के बाद राहुल की बातचीत अपनी होने वाली सास से होने लगी. दोनों घंटों बात करने लगे. इस बीच दोनों को एक दूसरे से प्रेम संबंध हो गया. बेटी की शादी के महज 12 दिन पहले सास अपने होने वाले दामाद (राहुल) के साथ फरार हो गई.

सास-दामाद साथ रहने लगे थे

महिला के पति ने अपनी पत्नी और दामाद के खिलाफ थाने में शिकायत कराई थी. .मडराक थाने में महिला ने अपने पति और परिवार को छोड़कर राहुल के साथ रहने का फैसला किया. इसके बाद दोनों बिहार चले गए, जहां राहुल फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था.

महिला के पति ने भी कर ली है दूसरी शादी

अब कहानी में ट्विस्ट ये है कि महिला पर अपने दामाद राहुल का भी साथ छोड़ बहनोई के साथ रफूचक्कर होने का आरोप लग रहा है. इधर सूचना ये भी है कि हाल ही में महिला के पति ने भी दूसरी शादी कर ली है. फिलहाल, 10 महीने बाद दामाद और सास में विवाद होने से यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है.