UP में 23 हजार स्टूडेंट्स IAS, PCS, IIT, NEET की ले रहे फ्री कोचिंग, आप भी कर सकते हैं अप्लाई; क्या है ये शानदार स्कीम
उत्तर प्रदेश सरकार कुल 163 अभ्युदय केन्द्रों पर 23,000 से अधिक युवाओं को IAS, PCS, IIT और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दे रही है. अगर आप भी योगी सरकार की इस निशुल्क कोचिंग सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं तो ये खबर आपके बेहद काम आ सकती है.
पढ़ाई में प्रतिभाशाली हैं, लेकिन आर्थिक दिक्कतों के चलते अपने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से राज्य में एक ऐसी स्कीम चलाई जा रही है, जिसके तहत प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाती है. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 11 फरवरी को अपने पेश किए गए बजट में बताया कि प्रदेश में कुल 163 अभ्युदय केन्द्रों पर 23,000 से अधिक युवाओं को मुफ्त कोचिंग दी जा रही है.
700 छात्र को अब तक मिल चुकी है सफलता
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत छात्राओं को UPSC, UPPSC, JEE, NEET, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री में कोचिंग दी जाती है. सरकार की तरफ से ये योजना साल 2021 में शुरू की गई थी. सरकार ने कुछ महीने पहले दावा किया था कि इस कोचिंग के जरिए 80 हजार से ज्यादा छात्रों को फ्री कोचिंग मुहैया कराई जा चुकी है. 700 से अधिक छात्र अलग-अलग कंपटीटिव एग्जाम्स में सफलता हासिल कर चुके हैं. इनमें से 46 को यूपीएससी, 121 को यूपीपीसीएस और 86 को नीट जैसी परीक्षाओं में सफलता मिली है.
सभी वर्ग के छात्रों के लिए है ये योजना
अगर आप उत्तर प्रदेश के स्थाई निवासी है तो इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. साथ ही ये जरूरी है कि UPSC, UPPSC, JEE, NEET, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले होने चाहिए. बता दें कि आर्थिक तौर पर कमजोर छात्रों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए प्राथमिकता दी जाती है. लेकिन इस योजना का लाभ संपन्न वर्ग के भी छात्र ले सकते हैं. आप इस योजना के तहत ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में कोचिंग हासिल कर सकते हैं. हालांकि, ऑफलाइन मोड में सीटें सीमित होती हैं, कंपटीशन ज्यादा. इसके उलट ऑनलाइन मोड में अधिक से अधिक छात्र स्कीम का लाभ ले सकते हैं.
ऑनलाइन कोचिंग के लिए यहां करना होगा अप्लाई
अगर आप प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और इस शानदार स्कीम का लाभ उठाना चाहते हैं तो सबसे पहले मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की अधिकारिक वेबसाइट https://abhyuday.up.gov.in पर विजिट करें. वेबसाइट पर खुद को रजिस्टर करें. इसके बाद फ्री कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद आपके सामने एक फॉर्म खुलकर आएगा.
ऑफलाइन कोचिंग की भी व्यवस्था
फार्म में आपसे आपसे शैक्षणिक जानकारियां और उससे जुड़े प्रमाण पत्र मांगे जाएंगे. ये सब अपलोड करने के बाद आपको फॉर्म सब्मिट करना होगा. इसके बाद आपको वर्चुअल क्लास के लिंक मिलने शुरू हो जाएंगे. ऑफलाइन आवेदन लिए आपको अपने जिले के नमित सेंटर्स पर जाकर फार्म सब्मिट करना होता है. यहां प्राथमिकता के आधार पर अभ्युदय केन्द्रों में आपको कोचिंग का रजिस्ट्रेशन करा दिया जाएगा.
