कासगंज में ट्रेनिंग विमान क्रैश, हाईटेंशन लाइन से टकराकर खेत में गिरा; ट्रेनी पायलट घायल

कासगंज में अलीगढ़ से उड़ान भरा एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. पुलिस लाइन के पास खेत में गिरे इस विमान की चपेट में आने से हाईटेंशन लाइन टूट गई. हादसे में ट्रेनी महिला पायलट घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.

अलीगढ़ का प्रशिक्षण विमान कासगंज में क्रैश; पायलट घायल

कासगंज में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया. अलीगढ़ एयरपोर्ट से ट्रेनिंग उड़ान पर निकला एक टू-सीटर विमान पुलिस लाइन के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में गिर गया. हादसे के दौरान विमान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे विद्युत तार टूट गया. इस दुर्घटना में विमान में सवार महिला ट्रेनी पायलट घायल हो गईं.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान अचानक असंतुलित होकर तेजी से नीचे आने लगा और कुछ ही क्षणों में खेत में गिर गया. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत कार्य शुरू किया गया.

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर सुरक्षित किया

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विमान अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान के लिए रवाना हुआ था. विमान में एक ट्रेनी युवती प्रशिक्षण ले रही थी. दुर्घटना में वह घायल हो गई, जिसे तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है. उसकी स्थिति के संबंध में अभी बुलेटिन जारी नहीं किया गया है.

वहीं, दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया है. प्रशासन की टीम, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां भी मौके पर पहुंच गई हैं. टूटी हुई हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है.

विमान दुर्घटना के कारणों की जांच की गई शुरू

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. संबंधित विमानन एजेंसियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और विस्तृत जांच कराई जाएगी.

Follow Us