‘एक दूल्हे की 3 दुल्हन…’ फर्जी निकली वायरल शादी, हैरान कर देगा सच

उत्तर प्रदेश के अमरोहा की 'एक दूल्हा, तीन दुल्हन' वाली वायरल शादी फर्जी निकली. यह सिर्फ सोशल मीडिया पर व्यूज़ पाने के लिए किया गया एक प्रैंक था. बाल कल्याण समिति के सामने तीनों युवतियों ने स्वीकार किया कि शादी वास्तविक नहीं थी. उन्होंने बताया कि वीडियो मनोरंजन के लिए बनाया गया था, जिसकी सच्चाई सामने आने पर अब उन्हें पछतावा है.

अमरोहा की वायरल शादी

उत्तर प्रदेश के अमरोहा की एक शादी पूरे देश में चर्चा का विषय बनी है. सोशल मीडिया में वायरल हो रही शादी में एक ही दूल्हे से तीन सगी बहनों की शादी की बात कही जा रही है. लेकिन इस शादी का असली सच अब सामने आया है. दरअसल यह पूरा मामला ही फर्जी है. वायरल वीडियो में दिख रही तीनों युवतियों ने खुद सामने आकर स्वीकार किया है कि यह असली शादी नहीं है. बल्कि यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया गया एक प्रैंक था.

बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश हुई तीनों युवतियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाती हैं. 17 जुलाई को उन्होंने मनोरंजन और ज्यादा व्यूज़ पाने के मकसद से यह वीडियो शूट किया था. यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया. इससे उन्हें खूब व्यूज मिल रहे थे. लेकिन लगातार ट्रोलिंग और विवाद बढ़ गया.

पहले खुद बताया था असली शादी

ट्रोलिंग होने पर इन युवतियों ने खुद ही इसमें सफाई दी थी और पहले इसे असली शादी बताकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की. हालांकि अब पूछताछ के दौरान उन्होंने सच्चाई बताते हुए माना कि उनकी अब तक न तो कोई शादी हुई है और न ही वीडियो में दिखाया गया घटनाक्रम वास्तविक है. तीनों युवतियों ने यह भी माना कि उन्हें इस प्रैंक को इतना लंबा नहीं चलाना चाहिए था.

जताया अफसोस

युवतियों ने कहा कि यदि शुरुआत में ही सच बता देतीं तो मामला इतना नहीं बढ़ता. इके लिए उन्हें अब पछतावा है. दरअसल, इनके वायरल वीडियो में एक लड़की के नाबालिग होने की बात सामने आई थी. इसके बाद बाल कल्याण समिति ने हसनपुर पुलिस से मामले की जांच कराई. जांच के दौरान सामने आए खुलासे ने पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी है.

अभी भी सुर्खियों में है मामला

तीनों लड़कियों ने भल ही कबूल लिया है कि यह शादी फर्जी थी, वीडियों में दिख रहा घटनाक्रम फर्जी था, फिर भी इनका वीडियो सोशल मीडिया में अब भी सुर्खियों में है. लोग अभी भी इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं. फिलहाल, इस खुलासे के बाद कई दिनों से सुर्खियों में बना ‘एक दूल्हा-तीन दुल्हन’ मामला पूरी तरह फर्जी साबित हो चुका है.

Follow Us