अमरोहा: प्रेम जाल में फंसाकर असम की युवती से गैंगरेप, जबरन गर्भपात और मांस खिलाया; 3 गिरफ्तार
अमरोहा में प्रेमजाल में फंसाकर सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. असम की एक हिंदू युवती से गैंगरेप के साथ जबरन गर्भपात और मतांतरण का प्रयास भी किया गया. मांस खिलाने और अश्लील वीडियो की धमकी दी गई. वहीं, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
अमरोहा के बछरायूं थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. असम की रहने वाली एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. साथ ही जबरन गर्भपात कराकर मांस खिलाने की भी कोशिश की गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से असम की रहने वाली हिंदू युवती केरलम के तिरुवनंतपुरम में रह रही थी. पांच साल पहले फरमान नाम के युवक से उसकी मुलाकात हुई, वह केरलम में सैलून में काम करने गया था. इस बीच दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और फरमान ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए. करीब 6 महीने पहले फरमान उसे अपने घर अमरोहा ले आया.
फरमान के भाई और जीजा ने भी किया दुष्कर्म
पीड़िता का आरोप है कि फरमान ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और संबंध बनाए. इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी, लेकिन उसकार जबरन गर्भपात करा दिया. फरमान उसे अपने घर अमरोहा ले आया, जहां फरमान और उसके परिजन उस पर मतांतरण का दबाव बना रहे थे. उनका कहना था कि धर्म परिवर्तन किए बिना निकाह नहीं होगा.
पीड़ित जब इसका विरोध करती तो उसे पीटा जाता था और जान से मारने की धमकी दी जाती थी. इस बीच फरमान के भाई फैजान और जीजा सरफराज ने भी पीड़िता से दुष्कर्म किया. इसके बाद अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर चुप रहने का दवाब बनाया गया. पीड़ित युवती मंगलवार को किसी तरह पुलिस तक पहुंची.
तीनों पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि युवती की शिकायत पर बीएनएस की धारा 69 (झूठा वादा करके संबंध बनाने), 64 (दुष्कर्म), 89 (सहमति के बिना गर्भपात), 352 (जानबूझकर अपमान करने), 351(2) (आपराधिक धमकी) और धर्म संपरिवर्तन की धाराओं में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
