अमरोहा हत्याकांड: ‘बिहारी’ कहकर चिढ़ाता था सहकर्मी, गुस्से में सोते समय उतार दिया मौत के घाट
अमरोहा में एक हत्या की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. 'बिहारी' कहकर डांटने और मारपीट से आहत युवक ने अपने सहकर्मी की सोते समय हत्या कर दी. यहीं नहीं, उसने शव को पेट्रोल से जलाने की भी कोशिश की. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर में हत्याकांड का खुलासा कर दिया है.
अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में डेयरी कर्मी प्रदीप कुमार की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के सहकर्मी निकेश को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, निकेश मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है और प्रदीप के ‘बिहारी’ कहकर डांटने, गाली-गलौज और मारपीट से आहत था.
पूरा मामला नाजरपुर कलां गांव स्थित एक डेयरी का है. यहां प्रदीप कुमार और निकेश काम करते थे. 17 और 18 अगस्त की दरमियानी रात आरोपी निकेश ने रात में सोते समय प्रदीप के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की और शव को भूसे वाले कमरे में छिपा दिया.
प्रदीप अक्सर निकेश को ‘बिहारी’ कहकर डांटता था
प्रदीप की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर नौगावां सादात थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और जांच शुरू की गई. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों सहकर्मियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. प्रदीप अक्सर निकेश को ‘बिहारी’ कहकर डांटता था.
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच कई बार गाली-गलौज और मारपीट भी हुई थी. इसी व्यवहार से निकेश काफी नाराज था और उसके मन में प्रदीप के प्रति गुस्सा बढ़ता गया. पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात प्रदीप डेयरी परिसर में सो रहा था. इसी दौरान निकेश ने डेयरी में रखी भूसा निकालने वाली पंजी/जाली से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी.
फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए
पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए और मृतक के सहकर्मियों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. इसी दौरान निकेश की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पंजी/जाली और पेट्रोल की सीसी बरामद की गई है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी कड़ी सामने आई है. पिलहाल, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, मामले में बरामद साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
