तीन बहनों ने एक ही युवक से रचाई शादी; बवाल बढ़ने पर दुल्हन ने की राजा दशरथ से पति की तुलना

अमरोहा की एक अनोखी शादी चर्चा में है. जहां तीन सगी बहनों ने एक ही युवक से शादी रचाई है. शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने इसपर आपत्ति जताई है. जबकि तीनों बहनों ने सफाई दी कि राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं.

अमरोहा में तीन बहनों ने एक युवक से रचाई शादी, मामला गरमाया

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक अनोखी शादी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां तीन सगी बहनों ने एक ही युवक से विवाह करने का दावा किया है. इस कथित शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है. वहीं, कुछ हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है और इसकी जांच की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, हसनपुर क्षेत्र के धौरिया गांव की रहने वाली सरोज, सावित्री और संतोष तीनों सगी बहनें हैं. तीनों सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती हैं और अच्छी-खासी फॉलोइंग रखती हैं. दुल्हे का नाम विकास उर्फ विक्कू है, जो पिछले 6 महीने से उनका कैमरामैन था. बताया जा रहा है कि गांव से जुड़े वीडियो में वह अक्सर उनके पति की भूमिका निभाता था.

‘हम तीनों बालिग, अपनी इच्छा से फैसला लिया’

तीनों बहनों का दावा है कि 17 जुलाई को उन्होंने चामुंडा माता मंदिर में विकास के साथ अपनी मर्जी से सात फेरे लिए. उनका कहना है कि वे बचपन से हमेशा साथ रही हैं और अलग-अलग शादी नहीं करना चाहती थीं. इसी वजह से उन्होंने एक ही व्यक्ति को अपना जीवनसाथी बनाने का फैसला किया. हालांकि, शादी में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था.

वीडियो वायरल होने और विरोध शुरू होने के बाद तीनों बहनों ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि वे सभी बालिग हैं और अपनी इच्छा से यह फैसला लिया है. साथ ही तर्क दिया कि ‘राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं.’ यह भी कहा कि उन्होंने किसी पर कोई दबाव नहीं डाला और किसी कानून का उल्लंघन करने का इरादा नहीं था.

बड़ी बहन बीटेक सेकंड ईयर में, दो 12वीं पास

जानकारी के मुताबिक, दूल्हा विकास, श्यामपुरी गांव का रहने वाला है. वह इसी साल 12वीं पास कर LLB की तैयारी कर रहा है. जबकि तीनों बहनों में सबसे बड़ी सरोज बीटेक सेकंड ईयर की छात्रा है. बाकी दो बहनों ने 12वीं पास की है. तीनों बहनें सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती हैं. उनके इंस्टाग्राम 4.69 लाख और फेसबुक पर 84 हजार फॉलोअर्स हैं. 

हालांकि, मंदिर प्रबंधन का कहना है कि जिस समय शादी होने का दावा किया जा रहा है, उस समय मंदिर में सौंदर्यीकरण का काम चल रहा था और वहां कोई पुजारी मौजूद नहीं था. वहीं, हसनपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि सभी बालिग हैं. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

Follow Us