नोएडा में फ्लैट के साथ थार भी दिया… फिर भी मिला धोखा; कारोबारी की बेटी की प्रेमी ने की हत्या
यह मुरादाबाद की एक सनसनीखेज 'ब्लाइंड मर्डर' की कहानी है, जहां हैदराबाद में पढ़ रही युवती को उसके प्रेमी ने प्यार और थार कार के बदले धोखा देकर हाईवे पर गोली मार दी. आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव नहर में फेंक दिया और खुद पुराने केस में सरेंडर कर दिया था.
मुरादाबाद में एक युवती की गुमशुदगी का मामला पुलिस जांच में सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया. पुलिस के अनुसार, जिस युवक से युवती ने प्रेम विवाह किया था, उसी ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, कटघर थाना क्षेत्र के कारोबारी अदीब उर रहमान की बेटी अदीबा हैदराबाद में LLB की पढ़ाई कर रही थी. जून के अंतिम सप्ताह में वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई. जांच के दौरान उसके कमरे से निकाहनामा की रसीद और शादी का जोड़ा मिला था.
कार में पूरी रात शव को लेकर घूमता रहा
पुलिस को इससे पता चला कि उसने देवापुर निवासी गुलफाम अली से गुपचुप निकाह कर ली थी. जांच में सामने आया कि अदीबा अपने पति गुलफाम पर पूरी तरह भरोसा करती थी. उसने उसके लिए नोएडा में किराये का फ्लैट लिया और इस्तेमाल के लिए थार कार भी उपलब्ध कराई थी. युवती ने जिस प्रेमी पर सबकुछ लुटाया, उसी ने उसकी हत्या कर दी.
पुलिस के अनुसार, 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से लौटने के बाद गुलफाम उसे अपनी कार से लेकर जा रहा था. रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि गूलर टोल के पास गुलफाम ने तमंचे से अदीबा के सिर में गोली मार दी. हत्या के बाद पूरी रात शव को कार में लेकर घूमता रहा और बाद में रुड़की के पास एक नहर में फेंक दिया.
पुराने मामले में सरेंडर कर चला गया था जेल
पुलिस का कहना है कि शक से बचने के लिए गुलफाम ने रामपुर के एक पुराने मामले में अदालत में सरेंडर कर जेल चला गया. कटघर पुलिस ने अदालत से अनुमति लेकर आरोपी को रिमांड पर लिया. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. अब आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कार और हथियार बरामद करने का प्रयास की जा रही है.
जांच में यह भी पता चला कि 4 जुलाई को रुड़की पुलिस को एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान न होने पर अंतिम संस्कार कर दिया गया था. बाद में जांच के दौरान उसकी पहचान अदीबा के रूप में हुई. फिलहाल, पुलिस आरोपी को रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
