सपा का झंडा जलाने पर भड़के अरविंद गोप, अपर्णा यादव पर बड़ा हमला

पूर्व मंत्री अरविंद गोप ने सपा का झंडा जलाने पर अपर्णा यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का अपमान है और पार्टी कानूनी कार्रवाई करेगी. महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद अपर्णा के विरोध प्रदर्शन को भाजपा की साजिश करार देते हुए गोप ने कहा कि जिस झंडे ने आपको पहचान दी, उसे जलाना निंदनीय है. उन्होंने भाजपा के "महिला विरोधी" चेहरे को भी उजागर किया.

सपा नेता अरविंद गोप Image Credit:

उत्तर प्रदेश में सपा का झंडा जलाने पर पूर्व मंत्री और सपा के दिग्गज नेता अरविंद गोप ने अपर्णा यादव पर बड़ा हमला बोला है. कहा कि उन्हें जिस झंडे से नाम और पहचान मिला, उसे ही फूंक दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी. महिला आरक्षण बिल संसद में गिरने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है. इसी क्रम में बाराबंकी में सपा नेता अरविंद गोप ने बीजेपी और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव पर हमला बोला है.

इससे पहले बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी का झंडा और अखिलेश यादव की तस्वीर जलाकर विरोध प्रकट किया था. उनके इस विरोध प्रदर्शन पर खुद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कड़ी टिप्पणी की थी, अब सपा नेता व पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का अपमान और भाजपा की सोची-समझी साजिश है. शनिवार को मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री गोप ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हमेशा से महिलाओं को अधिकार देने की बात की है.

सामने आई बीजेपी की साजिश

अरविंद गोप ने कहा कि बीजेी को पता था कि सदन में उनके पास नंबर नहीं है. बावजूद इसके वह दिखावे के लिए महिला आरक्षण बल लेकर आए. जैसे ही यह बिल सदन में धराशायी हुआ, पहले से ही तैयार भाजपा नेता तख्ती-बैनर लेकर बाहर आ गए. इससे इनकी पूरी साजिश का खुलासा हो गया है. अरविंद गोप ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि जनता जागरूक है और भाजपा का यह ‘महिला विरोधी’ चेहरा उसे आने वाले समय में भारी पड़ेगा.

अपर्णा पर कसा तंज

अपर्णा यादव द्वारा सपा का झंडा और अखिलेश यादव की फोटो जलाने पर गोप ने कड़े लहजे में निंदा की. कहा कि विरोध करना सबका अधिकार है, लेकिन लाल झंडा गरीब, किसान और नौजवान के सम्मान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जिस झंडे ने आपको पहचान दी उसे जलाना आपके स्तर को दर्शाता है. यह झंडा मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की विरासत है. इसका अपमान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. गोप ने पार्टी का झंडा और नेता की फोटो जलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

इसलिए भड़के गोप

बता दें कि संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद लखनऊ में अपर्णा यादव ने विधानभवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सपा का झंडा और अखिलेश यादव के पोस्टर जलाए. इसी घटना ने अब बाराबंकी सहित पूरे प्रदेश में राजनैतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं. गोप ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इस कृत्य की घोर निंदा करती है और अपमान करने वालों को जनता सबक सिखाएगी.

Follow Us