औरैया नहर में डूबा युवक, तलाश में जुटी SDRF टीम; दोस्तों संग कर रहा था शराब पार्टी
औरैया में एक युवक के नहर में डूबने की घटना सामने आई है. वह अपने तीन दोस्तों के साथ वहां शराब पार्टी करने पहुंचा था. लापता युवक कानपुर देहात का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा है. पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया है, जो उसकी तलाश में जुटी है.
उत्तर प्रदेश के औरैया में दोस्तों के साथ शराब पार्टी करने गए युवक की नहर में डूबने से हड़कंप मच गया है. शराब पार्टी के बाद तीनों दोस्त नहर में नहाने गए थे. लेकिन एक युवक वापस नहीं निकला, काफी तलाश के बावजूद युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है. सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम युवक की तलाश में जुटी है.
मामला औरैया के बेला थाना क्षेत्र के गांव डमरपुर स्थित रामगंगा नहर झील के पास का है. रविवार दोपहर करीब दो बजे कानपुर देहात के रसूलाबाद कस्बे की बंगाली कॉलोनी महेंद्र नगर निवासी तीन दोस्त नहर पर पहुंचे थे. तीनों ने पहले शराब पार्टी की और इसके बाद नहर में नहाने के लिए कूद गए. इतने में एक युवक डूबने लगा, जो अभी तक लापता है.
दो दोस्त निकल आए, तीसरा गहरे पानी में लापता
जानकारी के मुताबिक, विदान बंगाली (40), विवेक (32) और शेखर (20) नहर पर पहुंचे थे. शराब पार्टी के बाद नहर में नहाने समय अचानक शेखर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी नहर में कूद पड़े. कुछ देर बाद विवेक और शेखर तो किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन विदान नहर से बाहर नहीं निकल सका.
विदान के दोस्तों के मुताबिक, वह गहरे पानी में चला गया था और देखते ही देखते लापता हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर गांव के ही पांच अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए. इनमें से निखिल मंडल ने करीब तीन बजे डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने थाना और चौकी पुलिस को अवगत कराया और जांच शुरू हुई.
एक दिन पहले ही जोधपुर से मजदूरी कर गांव लौटा
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गंगादास गौतम और याकूबपुर चौकी इंचार्ज संदीप जादौन ने मौजूद लोगों से घटना की जानकारी लेकर उच्चाधिकारियों को सूचित किया. पुलिस ने युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया है. बताया जा रहा है कि विदान बंगाली शनिवार को ही राजस्थान के जोधपुर से मजदूरी कर अपने गांव के साथियों के साथ घर लौटा था.
विदान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है. घर में उसकी पत्नी सुशीला और तीन बेटियां अर्पिता (14), मन्नू (10) और सिया (2) का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि नहर में डूबे युवक की तलाश की जा रही है. युवक का पता लगाने का प्रयास जारी है, फिलहाल मामले में तहरीर नहीं मिली है.