20 दिन बाद जानी बारात, उठ गई मामा-भांजे की अर्थी; मातम में बदला शादी का जश्न
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई. मामा की शादी 20 दिन बाद होनी थी, लेकिन अब शादी का जश्न मातम में बदल गया है. बिलारी में रेलवे ओवरब्रिज से बाइक गिरने के कारण यह दुखद दुर्घटना हुई.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. यहां एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है. यह दोनों मामा-भांजे थे. मामा की 20 दिन बाद ही शादी होनी थी. इसके लिए घर में सभी तैयारियां भी हो चुकी थीं. नाते-रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे थे. इसी बीच हुए इस हादसे के बाद घर में मातम पसर गया है.
मामला मुरादाबाद के बिलारी इलाके में सिरसी रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज का है. पुलिस के मुताबिक राजा का सहसपुर में दशहरा मेला देखकर लौट रहे बाइक सवार मामा और भांजे की ओवरब्रिज से नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा इतना भयानक था कि बाइक ओवरब्रिज की रेलिंग में ही फंसी रह गई थी, जबकि दोनों युवक उछलकर नीचे जा गिरे थे. मृतकों की पहचान मनमोहन (30) और उसके भांजे विष्णु सिंह (21) के रूप में हुई है.
बहन के घर आया था मनमोहन
पुलिस व परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के शाहबाद थाना इलाके के भौरकी गांव निवासी मनमोहन अपने रिश्तेदारी में सोनकपुर इलाके के अभनपुर नरौली गांव गया हुआ था. शाम को वह अपनी बहन के बेटे विष्णु सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर बिलारी के राजा का सहसपुर गांव में दशहरा मेला देखने गया था. रात करीब 12 बजे जब वे दोनों वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के पश्चिमी ढाल पर यह हादसा हो गया.
जांच में जुटी पुलिस
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहु्ंची बिलारी थाना पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. उधर, हादसे के बाद दोनों के परिवार में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है.