शिवा शर्मा हत्याकांड में ये कैसा लुकाछिपी? वीडियो UP से बना रही श्रद्धा, पुलिस नेपाल में कर रही तलाश
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे नेपाल से सटे यूपी में छिपी है. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में नेपाल से लेकर उत्तर प्रदेश तक खाक छान रही हैं. इस बीच श्रद्धा होटल में बैठकर वीडियो जारी कर खुद को बेकसूर बता रही है. गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद उसके कोर्ट में सरेंडर करने की अटकलें तेज हैं.
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार उसकी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे अपने आप में एक मिस्ट्री बन गई है. श्रद्धा की पहली लोकेशन बहराईच तो दूसरी नेपाल में मिली. उसके बाद से बीते चार दिनों में ना तो उसकी कोई फुटेज मिली है और ना ही जीपीएस लोकेशन. ऐसे में सवाल है कि आखिर श्रद्धा दुबे कहां गायब हो गई. वह एक होटल में बैठकर लगातार वीडियो पर वीडियो बना रही है. दावा किया जा रहा है कि यह होटल नेपाल से सटे यूपी के एक बड़े शहर का हो सकता है.
उधर, श्रद्धा की तलाश में लखनऊ पुलिस की तीन टीमें नेपाल की गलियों में खाक छान रही हैं. पुलिस वहां सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस लोकेशन खंगालने की कोशिश कर रही है. दावा तो यह भी किया जा रहा है कि पुलिस की एक टीम श्रद्धा के सटीक लोकेशन पर भी है. हालांकि पुलिस इस लोकेशन का खुलासा करने से परहेज कर रही है. पुलिस के मुताबिक वह चाहें यूपी में हो या नेपाल, अब यह लुकाछिपी ज्यादा देर तक नहीं चलेगी.
सरेंडर करने नहीं पहुंची श्रद्धा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा को लेकर शुक्रवार की रात एक नया इनपुट मिला था. इसमें बताया गया था कि वह शनिवार की दोपहर 12 बजे तक कोर्ट में सरेंडर करेगी. इस इनपुट के बाद लखनऊ पुलिस ने कोर्ट के आसपास घेराबंदी कड़ी कर दी. हालांकि दोपहर में एक बजे तक उसकी ओर से कोर्ट में न तो सरेंडर पेपर दाखिल हुआ और ना ही वह खुद पहुंची. ऐसे में माना जा रहा है कि वह उसका सरेंडर सोमवार को हो सकता है.
बहराईच में मिला था पहला लोकेशन
लखनऊ पुलिस के सूत्रों के मुताबिक 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ सचिवालय का एंट्री पास लगी ऑडी कार में सवार होकर भागी थी. इसके बाद इस ऑडी कार का कोई सुराग तो नहीं मिला, लेकिन श्रद्धा की स्कार्पियो बहराईच में लावारिश हाल में मिली थी. यही पर उसकी पहली लोकेशन मिली थी. इसके बाद श्रद्धा की अगली लोकेशन 10 अक्टूबर को नेपाल के पोखरा में मिली थी. उसके बाद से श्रद्धा की न तो कोई फुटेज आई और ना ही जीपीएस लोकेशन मिली है.
गोरखपुर में छिपे होने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक नेपाल से तीनों के दुबई भागने का प्लान था, लेकिन ऐन वक्त पर प्लान कैंसिल हो गया. इसके बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश नेपाल से भारत लौट आए. इसके बाद से ही तीनों नेपाल से सटे यूपी के एक बड़े शहर के होटल में ठहरी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह शहर गोरखपुर हो सकता है. इसी होटल से उसने एक के बाद एक, तीन वीडियो बनाकर बनाकर सोशल मीडिया पर डाल चुकी है. इसके अलावा उसने इसी होटल में बैठे-बैठे कुछ सबूत भी पुलिस को मुहैया कराए हैं.
जेल जाने को तैयार है श्रद्धा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को जारी गैर जमानती वारंट जारी करने के बाद इतना तो तय है कि श्रद्धा अरेस्ट हो या सरेंडर करे, उसे जेल जाना ही होगा. ऐसे में श्रद्धा और उससे जुड़े लोगों ने सुरक्षित सरेंडर की पटकथा लिख डाली है. बताया जा रहा है कि श्रद्धा के सरेंडर के बाद मामले को सुसाइड करार देने और मामले में श्रद्धा को सरकारी गवाह बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी. हालांकि पुलिस अभी इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही.
8 टीमें कर रहीं तलाश
श्रद्धा की तलाश में उत्तर प्रदेश की 9 टीमें लगाई गईं हैं. इनमें छह टीमें हजरतगंज थाने और एसओजी की बनाई गई हैं. इसके अलावा एक टीम सर्विलांस और एक टीम एसटीएफ की है. सर्विलांस की टीम भी दो हिस्सों में काम कर ही है. इसमें एक टीम सीसीटीवी कैमरे तो दूसरी टीम उसकी जीपीएस लोकेशन ट्रैस करने में जुटी है. इन सभी टीमों की मॉनिटरिंग डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर कर रहे हैं.
