‘अयोध्या की पहचान बन चुकी है, मथुरा की मुक्ति पर बोल कर दिखाएं’, अखिलेश को CM योगी की चुनौती
हाथरस में मुख्यमंत्री योगी ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में यूपी में कानून-व्यवस्था सुधरी है, मुहर्रम शांति से मना. साथ ही विपक्ष पर कहा कि पिछली सरकारों ने राम भक्तों पर गोली चलाई, कृष्ण जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा रोकी और कब्रिस्तान पर पैसा लगाया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों के लिए बदनाम था, लेकिन अब प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बदल चुकी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा जिला रहा हो, जहां दंगे न हुए हों. उन्होंने मथुरा और मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था और प्रदेश की छवि खराब होती थी. कल ही मुहर्रम सम्पन्न हुआ, अब मुहर्रम के नाम पर उपद्रव नहीं होते, अब गरीब की झोपड़ी नहीं उखाड़ी जाती.
‘अरे आप क्या धार्मिक नगरी बनाएंगे’
सीएम योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने सत्ता में आने पर अयोध्या को धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की बात कही थी. योगी ने कहा कि ‘अरे आप क्या धार्मिक नगरी बनाएंगे, अपना इतिहास देखिए, राम भक्तों पर गोली आप ही के लोगों ने चलाई थी, आप ही की सपा सरकार ने चलाई थी.’
उन्होंने कहा कि आज जब राम भक्तों के परिश्रम और पुरुषार्थ से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या त्रेता युग का स्मरण करा रही है, तो आपके मुंह में भी पानी आने लग गया है. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते कहा कि आपने तो थानों में और जेलों में कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन को भी रोक दिया था. यहां तक कि कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाने का प्रयास किया गया था.
‘तो मथुरा वृंदावन पर खुल करके बोल दीजिए’
सीएम योगी ने अखिलेश यादव का नाम लेते कहा कि, ‘अयोध्या को तो राम भक्तों ने सजा और संवार दिया है, आप उसकी चिंता मत करिए, पश्चाताप करिए. एक बार रामलला का दर्शन कर लीजिए, कम से कम इसी से और सद्बुद्धि आएगी और अब तैयारी करिए कि हम कृष्ण कन्हैया के लिए भी कुछ कर सकें. अब मथुरा की बात करिए.’
उन्होंने कहा, ‘अगर सचमुच अपने को धार्मिक कहलाने का प्रयास कर रहे हो, तो मथुरा वृंदावन पे खुल करके बोल दीजिए. श्री कृष्ण जन्मभूमि पर खुल करके बोल दीजिए और बोलिए ना कि श्री राम जन्मभूमि मुक्ति के आंदोलन की तर्ज पर ही श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का भी अभियान चलना चाहिए. भगवान श्री कृष्ण की जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए. ‘
ये धूल झोंकने का काम मत करो- CM योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘हमारी सरकार वहां श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है. युद्ध स्तर पर हम प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आप में हिम्मत नहीं, क्योंकि आप तो मुल्ला और मौलवियों के सामने घुटने टेकने के सिवाय आपके पास कोई ऐसा एजेंडा नहीं, ताकी प्रदेश का विकास हो सके, अयोध्या, मथुरा या काशी का उत्थान हो सके.’
उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘ ये धूल झोंकने का काम मत करो, ये खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली कहावत को चरितार्थ मत करो. अयोध्या अपनी पहचान के लिए आप पर मोहताज नहीं है, अयोध्या की अपनी पहचान है और अयोध्या ने अपनी पहचान को दुनिया के अंदर फिर से बनाया हुआ है.’
