बच्चा ना होने की ऐसी सजा… बहू को आग में झोंका, फिर घर में ताला मार फरार हो गए ससुराली

मुजफ्फरनगर में एक महिला को बच्चा न होने पर ससुरालियों ने आग लगा दी. अमरीन नामक विवाहिता 6 साल से संतानहीन थी, जिस पर पति दूसरी शादी करना चाहता था. गंभीर रूप से झुलसी अमरीन को दिल्ली रेफर किया गया है. पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद फरार हो गए. यह घटना घरेलू हिंसा की वीभत्स तस्वीर दिखाती है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक बहू को बच्चा ना होने पर ससुरालियों ने मौत की सजा दे दी. उसे आग में झोंक दिया और खुद ताला लगाकर घर से फरार हो गए. गनीमत रही कि पड़ोसियों को खबर हो गई और लोगों ने विवाहिता को बचाकर अस्पताल पहुंचाया. जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है. फिलहाल विवाहिता की हालत नाजुक बनी हुई है.

विवाहिता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर ससुरालियों की तलाश शुरू कर दी है. बझेडी गांव के रहने वाले परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी अमरीन का निकाह 6 साल पहले नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के रथेड़ी गांव में रहने वाले शादाब के साथ हुआ था. शादी के 6 साल बाद भी अमरीन को बच्चा नहीं हुआ. इस बात को लेकर उनके घर में आए दिन कलह होता था. इसके लिए अमरीन को बुरी तरह से टॉर्चर किया जाता था.

सौहर करना चाहता था दूसरी शादी

अमरीन के परिजनों के मुताबिक हाल ही में एक पंचायत हुई थी. इसमें शादाब के परिजनों ने बताया कि बच्चा ना होने की वजह से वह दूसरी शादी करना चाहते हैं. इस बात पर सहमति तो बन गई, तय हुआ कि शादाब कोई एक प्रॉपर्टी अमरीन के नाम वह कर देगा. इससे उसकी जिंदगी सुरक्षित हो जाएगी. इससे पहले अमरीन ससुराल में संदिग्ध परिस्थिति में झुलस गई. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर तो नहीं दी है, बयान में भी कहा है कि उन्हें नहीं पता कि यह घटना कैसे हुई. हालांकि यह बताया है कि वह ससुराल में बहुत परेशान थी. उसे तरह तरह से टॉर्चर किया जा रहा था. सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक जली अवस्था में विवाहिता को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया. उसे बेहतर इलाज कराया जा रहा है. डॉक्टर ने लगभग 50% जलन होना बताया है.

Follow Us