एक रात, दो हत्याएं; आजमगढ़ में सोते समय दादा-पोते के मर्डर से पूरे गांव में दहशत
आजमगढ़ में दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. दोनों को रात में सोते समय निशाना बनाया गया. पुलिस को मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी मिली है. पुलिस को घटना के पीछे पारिवारिक लेनदेन और आपसी विवाद की आशंका है.
आजमगढ़ में गुरुवार देर रात डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में अज्ञात हमलावरों ने सोते समय एक दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए.
जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे. वहीं उनका 25 वर्षीय पोता अंकित यादव घर में अपनी चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सो रहा था. देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुसा और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
ट्यूबवेल पहुंचे तो दादा की भी हो चुकी थी हत्या
हमले का एहसास होने पर फूलमती ने तुरंत अंकित के भाइयों को जगाया. इसके बाद घायल अंकित को अंबेडकर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसी दौरान परिजन जब घटना की जानकारी देने के लिए ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां जगदंबा प्रसाद यादव का शव खून से लथपथ मिला.
70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव की भी धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद से परिवार समेत पूरे गांव में दहशत फैल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद हुई है.
पारिवारिक लेनदेन, आपसी विवाद का शक- SP
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक लेनदेन और आपसी विवाद का मामला सामने आ रहा है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्द कर लिया है. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.
