आजमगढ़ में सपा छात्र सभा उपाध्यक्ष गिरफ्तार, ICU में पिस्तौल सटाकर की थी मारपीट

आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के छात्र सभा उपाध्यक्ष गुफरान अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सपा नेता पर एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में मारपीट करने का आरोप है. एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें गुफरान आईसीयू में पिस्तौल सटाकर कर्मचारी को धमका रहे थे.

सपा छात्र सभा उपाध्यक्ष गुफरान अहमद गिरफ्तार

आजमगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को सपा छात्र सभा उपाध्यक्ष गुफरान अहमद को गिरफ्तार किया है. उनपर एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में कर्मचारी से मारपीट और पिस्तौल सटाकर धमकाने का आरोप है. यह घटना समाजवादी पार्टी विधायक नफीस अहमद की मौजूदगी में हुई थी. सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद शिकायत पर FIR दर्ज किया गया था.

पूरा मामला शहर कोतवाली के ब्रम्हस्थान स्थित सलमानी अस्पताल के ICU वार्ड की है. गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नफीस अहमद अपने सुरक्षा कर्मियों और सहयोगियों के साथ मरीज देखने पहुंचे थे. लेकिन आईसीयू में विवाद हो गया. छात्र सभा के उपाध्यक्ष गुफरान अहमद ने वार्ड में तैनात कर्मचारी पर जानलेवा हमला करते हुए पिस्टल निकाल ली थी.

पिस्टल सटाकर जानलेवा हमला किया- पीड़ित

पीड़ित कर्मचारी सूरज मौर्य का आरोप लगाया कि गुफरान अहमद ने आईसीयू वार्ड में पिस्टल सटाकर जानलेवा हमला किया. उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. साथ ही मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया. इसके बाद यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल है. पीड़ित ने थाने में ताहिर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग उठाई थी.

पुलिस ने मामले में छात्र सभा के उपाध्यक्ष गुफरान अहमद के खिलाफ जान से मारने जैसी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज किया था. वहीं, पुलिस ने अब गुफरान को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है. पूरे मामले में अस्पताल के डॉक्टर सलमानी ने बताया कि विधायक जी हमारे पास बैठे थे और उनके साथ के एक व्यक्ति ने मारपीट की थी.

मामले में साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की- पुलिस

पूरे मामले में क्षेत्राधिकार शुभम कुमार तोड़ी ने बताया कि अस्पताल में मारपीट मामले में साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की गई है. आरोपी गुफरान को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूरे घटना की तहकीकात की जा रही है. प्रथम दृष्टया गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर इन्हें जेल भेजा जा रहा है. फिलहाल में किसी भी तरह के ला एंड ऑर्डर की समस्या नहीं है.

Follow Us