शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर भड़कीं महिला आयोग की अध्यक्ष, बोलीं- बहकावे में न आएं छात्र

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हो रहे छात्र आंदोलनों पर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है. शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले जांच पूरी होने दीजिए, उसके बाद ही कोई टिप्पणी उचित होगी.

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान Image Credit:

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति कर रहा है और युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है. वहीं, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से जुड़े सवाल पर वह नाराज हो गईं और बिना जवाब दिए माइक हटाते हुए कहा, ‘पहले जांच होने दीजिए, फिर कुछ कहेंगे.’

बबीता सिंह चौहान, बस्ती जिले के सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंची थीं. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर सवाल पूछा गया. इस सवाल पर उन्होंने तत्काल प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस विषय पर कुछ कहना उचित होगा.

‘सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर’

महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर, संवेदनशील और पारदर्शी है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ नहीं होती तो पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों की जांच सीबीआई और एसटीएफ जैसी एजेंसियों से नहीं कराई जाती.

उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाए हैं, जिनमें 10 साल तक की सजा और करोड़ों रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है, यह सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

‘विपक्ष छात्रों को भड़का रहा’

बबीता सिंह चौहान ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि उनके पास अब कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे छात्रों को आंदोलन के लिए उकसा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष मासूम छात्रों को आगे कर अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है. यदि छात्रों को सरकार से सीधे संवाद का अवसर मिले और वे पूरी बात सुनें, तो वे संतुष्ट होंगे.

पुलिस कार्रवाई का किया बचाव

प्रदर्शनकारी छात्रों और छात्राओं पर पुलिस कार्रवाई से जुड़े सवाल पर महिला आयोग अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस किसी छात्र के खिलाफ नहीं है. उन्होंने कहा कि जब किसी प्रदर्शन में अराजक तत्व माहौल खराब करने, हिंसा करने या अभद्रता करने की कोशिश करते हैं, तब कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है.

Follow Us