हैवान बना पति! कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटा, फिर 4 बच्चों को रोते बिलखते छोड़कर हुआ फरार

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक पति ने मामूली विवाद में कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के वक्त उनके चार मासूम बच्चे वहीं मौजूद थे, जिन्हें रोते-बिलखते छोड़कर आरोपी फरार हो गया.

मौके पर पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी का कुल्हाड़ी से गला काट दिया. वारदात के समय आरोपी के चारों बच्चे भी वहीं मौजूद थे, लेकिन आरोपी उन्हें रोते बिलखते छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव कब्जे में लिया और फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी.

यह वारदात बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में बीहट गांव का है. पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी आज बुधवार की सुबह पीआरबी के माध्यम से मिली. इस सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. पता चला कि इस गांव में रहने वाले युवक आशीष ने अपनी पत्नी मोहिनी की हत्या कर दी है. आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसका गला काटा है. पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

14 साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक आशीष और मोहिनी की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी. शादी के बाद इन्हें 4 बच्चे भी हुए. बावजूद इसके, इनके बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे. बुधवार की सुबह भी इनके बीच किसी बात को लेकर बहस हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी मोहिनी के ऊपर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. इससे मौके पर ही मौहिनी की मौत हो गई.

मासूम बच्चों के सामने संकट

पुलिस के मुताबिक इस दंपत्ति के चार बच्चे हैं. इनमें मां की तो हत्या ही हो गई, पिता फरार है, वह पकड़ा भी जाता है तो जेल जाएगा. ऐसे में इनके चारों बच्चों के सामने परवरिश का संकट पैदा हो गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है. वहीं मामले में अगली कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है.

दो भाइयों ने पिता को काट डाला

इसी तरह का एक मामला पीलीभीत में हुआ है. यहां पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति की उनके ही दो बेटों ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इस मामले में पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us