प्रयागराज में अतीक के करीबी जैद खालिद पर PDA का एक्शन, अवैध गौशाला पर चला बुलडोजर

प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबी जैद खालिद के कथित अवैध निर्माण पर PDA ने बुलडोजर चलाया. मारियाडीह में बिना लेआउट स्वीकृत कराए बनी गौशाला को भारी सुरक्षा के बीच ध्वस्त किया गया. यह कार्रवाई अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है.

अतीक करीबी जैद खालिद का अवैध निर्माण ध्वस्त

संगम नगरी में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मारियाडीह में PDA की टीम ने माफिया अतीक अहमद गैंग के सदस्य जैद खालिद के कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और PAC तैनात रही.

बताया जा रहा है कि विष्णुपुरी कॉलोनी से आगे कछार क्षेत्र में एक डेयरी और गौशाला का करीब 3,000 वर्ग मीटर में अवैध निर्माण कराया गया था. PDA के अधिकारियों के मुताबिक, इस निर्माण के लिए प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत नहीं कराया गया था. इसी को आधार बनाकर प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की.

मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध भी किया

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की ओर से निर्माण गिराए जाने का विरोध भी किया गया. स्थिति को देखते हुए पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था. कार्रवाई के दौरान इलाके में पुलिस बल की मौजूदगी रही. सुरक्षा व्यवस्था के बीच PDA की टीम ने बुलडोजर से निर्माण को गिराने की कार्रवाई पूरी की.

निगम ने 400 गाय-भैंसों को संरक्षण में लिया

यह कार्रवाई PDA के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त किया. साथ ही गौशाला में मौजूद 400 गाय-भैंसों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया, और ध्वस्तीकरण के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने सभी गाय-भैंसों को अपने संरक्षण में ले लिया.

जैद खालिद, माफिया अतीक के गैंग से जुड़ा है

जैद खालिद को माफिया अतीक अहमद के गैंग से जुड़ा बताया जाता है. वह अतीक अहमद के करीबी बताए जाने वाले आबिद प्रधान का दामाद है. इसी वजह से जैद खालिद के कथित अवैध निर्माण पर हुई PDA की कार्रवाई चर्चा में है. PDA की इस कार्रवाई के बाद फिर प्रयागराज में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

Follow Us