कॉलेज ने किया बर्खास्त, तो पेट्रोल लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा टीचर… आत्मदाह की कोशिश से हड़कंप
बागपत कलेक्ट्रेट में एक बर्खास्त शिक्षक ने आत्मदाह का प्रयास किया. हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत पेट्रोल की बोतल छीनकर उन्हें सुरक्षित हिरासत में लिया. इस घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया और मामले की जांच जारी है.
बागपत जिला कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बर्खास्त शिक्षक ने आत्मदाह का प्रयास किया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. पुलिस ने समय रहते शिक्षक के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया. इस घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया था.
जानकारी के अनुसार, मुकेश शर्मा नामक शिक्षक अपनी बहाली की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों से कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे थे. वे खेला गांव स्थित हजारीलाल मेमोरियल कॉलेज में कार्यरत थे, जहां से उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था. मुकेश शर्मा का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा उनका उत्पीड़न किया गया और बिना उचित कारण के सेवा से हटाया गया.
शिक्षक के साथ एक शिक्षिका भी दे रही थी धरना
शिक्षक मुकेश शर्मा अपनी बहाली की मांग को लेकर बागपत जिला कलेक्ट्रेट में थे. इस दौरान वह अचानक उग्र हो गए और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश करने लगे. यह देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक लिया और पेट्रोल की बोतल जब्त कर ली.
घटना के बाद बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. शिक्षक ने कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाया कि उनका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा है. वह अकेले नहीं थे, उनके साथ एक अन्य शिक्षिका, निधि शर्मा भी अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना दे रही थीं.
पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने का आश्वासन दिया
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शिक्षक को समझाने का प्रयास किया. साथ ही अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है. पुलिस का कहना है कि संबंधित कॉलेज प्रबंधन और पीड़ित शिक्षकों से बातचीत कर तथ्य जुटाए जाएंगे. पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है.
