PM मोदी ने जनता से फ्लैश लाइट जलवाकर कराया जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन, बोले-असली हकदार आप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास अंदाज में जनता से मोबाइल फ्लैश जलाकर 'लाइट शो' शैली में जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण करवाया. इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आपको करना है. मैंने तो केवल पर्दा हटाया है, आप लोग उद्घाटन के असली हकदार है. अपने मोबाइल की लाइट जलाइए और उद्घाटन कीजिए.

पीएम मोदी ने जनता से मोबाइल फ्लैश जलाकर 'लाइट शो' शैली में जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण करवाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को जेवर एयरपोर्ट समर्पित कर दिया है. इसके साथ ही उन्होंने यहां बनाए गए कार्गो टर्मिनल का भी उद्घाटन किया है. उद्घाटन के बाद यह एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बन गया है. बता दें कि इस एयरपोर्ट की नींव 15 नवंबर 2021 को रखी गई थी. निर्माण कार्य जून 2022 में शुरू हुआ था. अब 28 मार्च को इसका उद्घाटन कर आम जनता के लिए खोल दिया गया है.

पीएम मोदी ने जनता से कराया एयरपोर्ट का उद्घाटन!

एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अभी आधा काम हुआ है. मैं आज चाहता हूं इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन आप सब करें. इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकाल कर फ्लैश लाइट कीजिए. अब आप इसका उद्घाटन किजिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि ये एयरपोर्ट नौजवानों के भविष्य को नयी उड़ान देगा. ये एयरपोर्ट आपकी अमानत और आपका भविष्य है.

छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनाने की योजना

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी के किसानों, छोटे व लघु उद्योगों के लिए नए अवसर लेकर आने वाला है. यहां से दुनिया के लिए विमान उड़ेंगे साथ ही विकसित यूपी के उड़ान का प्रतीक बनेगा. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यूपी में एयरपोर्ट की संख्या 17 हो गई है. हमने उड़ान सेवा के तहत 29000 करोड़ की स्वीकृति दी है. इससे छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनाने की योजना है. ताकि एयरपोर्ट भी रहे और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे.

आज देश में 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा कि किसी किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती. ये हवाईअड्डे प्रगति को भी उड़ान देते हैं, साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं. अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है ताकि सामान्य भारतीय भी उड़ान सेवाओं का इस्तेमाल कर सके. उड़ान सेवा इसी पहल का हिस्सा है.

₹11,200 करोड़ के निवेश से इस एयरपोर्ट का पहला फेज

नोएडा एयरपोर्ट का पहला फेज पीपीपी (public Private Partnership) मॉडल के तहत करीब ₹11,200 करोड़ के निवेश से बनाया गया है. शुरुआत में इस एयरपोर्ट की यात्री संभालने की क्षमता हर साल 12 मिलियन (MPPA) होगी, जो कि पूरी तरह बनने के बाद बढ़ाकर 70 MPPA तक किया जा सकेगा. इस 3,900 मीटर लंबा रनवे है. इसमें एडवांस नेविगेशन सिस्टम हैं, जिनमें इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और एडवांस एयरफील्ड लाइटिंग शामिल हैं.

शुरुआत में यहां से देश के 47 शहरों में घरेलू उड़ानें शुरू होंगी

इस एयरपोर्ट में एक मल्टी-मॉडल कार्गो हब, एक इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स ज़ोन है. कार्गो सुविधा को सालाना 2.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक माल संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिसे बढ़ाकर लगभग 18 लाख मीट्रिक टन तक किया जा सकता है. शुरुआत में देश के 47 शहरों में घरेलू उड़ानें शुरू होंगी. तीन माह में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की योजना है.

Follow Us