राजस्थान से बदायूं जा रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, बागपत में हादसे में 6 की मौत, 30 घायल

बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. राजस्थान से बदायूं जा रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 30 लोग घायल है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है.

ईस्टर्न पेरिफेरल पर दर्दनाक हादसा, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 30 घायल

बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया. खेकड़ा थाना क्षेत्र में बड़ागांव कट के पास वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में अबतक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, पीकअप वाहन में सवार श्रद्धालु राजस्थान से बदायूं की ओर जा रहे थे. देर रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस के साथ चार पीआरवी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.

वाहन में कई श्रद्धालु फंस गए थे

ईस्टर्न पेरीफेरल पर दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. वाहन में कई श्रद्धालु फंस गए थे. पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत भेजा गया.

वहीं, डॉक्टरों ने चार लोगों की मौत होने की रात में ही पुष्टी कर दी थी. वहीं, इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत के बाद यह आंकड़ा 6 हो गई है. वहीं, कुछ घायलों की हालत गंभीर है, उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. वही हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया.

परिजनों की मदद के लिए संपर्क नंबर जारी

पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था को संभालते हुए एक्सप्रेस-वे पर आवागमन सुचारू कराया. वहीं, मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है.

प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है. पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों की सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किया है. परिजन जनपद बागपत पुलिस के मोबाइल नंबर 9454417383 पर संपर्क कर दुर्घटना में घायल या मृत व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

Follow Us