बागपत: पूर्व चेयरमैन को धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर एनकाउंटर में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बागपत में पूर्व चेयरमैन को धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. उसके पैर में गोली लगी है. हिस्ट्रीशीटर पर हत्या के प्रयास, लूट और गुंडा एक्ट सहित 30 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं. यह गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी सफलता है.
बागपत के बड़ौत में नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन अमित राणा को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर रवि की देर रात्रि पुलिस से मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने बिजरौल गॉव निवासी रवि को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस मिले हैं.
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को बड़ौत निवासी दुष्यंत उर्फ अमित राणा ने शिकायत दी थी कि रवि ने मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी है. शिकायत पर थाना बड़ौत में बीएनएस की धारा 351(2)/352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही थी.
हिस्ट्रीशीटर के दाहिने पैर में लगी है गोली
इस बीच 9 सितंबर की रात बड़ौत थाना पुलिस आचार्य खेड़ा रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार रवि वहां पहुंचा. पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर रवि ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. पुलिस ने पीछा किया और आत्मरक्षा में गोली चलाई.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रवि के दाहिने पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी बड़ौत भेजा गया. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं.
गुंडा एक्ट, गैंगस्टर, आर्म्स और NDPS में मुकदमे
हिस्ट्रीशीटर रवि थाना बड़ौत, भादवि की धाराओं के साथ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं. पुलिस रिकॉर्ड में 2012 से 2026 तक लगातार उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है. इनमें धारा 307, 323, 504, 3/25, 3/10 गुंडा एक्ट, 2/3 गैंगस्टर एक्ट, 8/20 NDPS एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं.
वहीं, इस मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी बड़ौत अंशु जैन ने पुलिस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा-खोखा कारतूस और मौके से UP-17AD-5695 रॉयल एनफील्ड बाइक बरामद की है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
