सड़क पर आकर मस्ती करने लगा तेंदुआ, सड़क पर 10 मिनट तक ठप हो गया ट्रैफिक; Video

उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक तेंदुए ने सड़क पर आकर 10 मिनट तक ट्रैफिक रोक दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बिछिया बजार के पास जंगल से निकले इस तेंदुए को देखकर लोगों में दहशत फैल गई. हालांकि, शोर मचाने पर वह जंगल में लौट गया. वन विभाग अब तेंदुए की तलाश कर रहा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है.

सड़क पर दिखा तेंदुआ

वैसे तो तेंदुआ बहुत खतरनाक होता है, लेकिन जब यही तेंदुआ खुद जंगल से निकलकर सड़क पर मस्ती करने लगे तो… कुछ ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के बहराइच में हुआ है. शनिवार को यहां कतर्नियाघाट रेंज के बिछिया बजार से सुजौली की ओर जाने वाली सड़क पर एक तेंदुआ जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया. करीब 10 मिनट तक यह तेंदुआ कभी खड़े होकर तो कभी लेटकर मस्ती करता रहा. इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ का ट्रैफिक थम गया. हालांकि लोगों के शोर मचाने पर यह तेंदुआ फिर से जंगल में चला गया.

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि रोड पर ट्रैफिक सामान्य है. इसी बीच एक बाइक सवार आता है, लेकिन उसके सामने अचानक एक तेंदुआ आकर सड़क पर बैठ जाता है. यह देखकर बाइक सवार के होश ही उड़ जाते हैं. जल्दबाजी में वह बाइक छोड़कर भाग खड़ा होता है. इतने में सड़क पर दोनों तरफ से अन्य लोग भी अपने-अपने वाहनों से आते हैं और तेंदुए को देखकर गाड़ी रोक देते हैं.

अटकी रहीं लोगों की सांसे

चूंकि बहराइच में तेंदुए के हमले की कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं. ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों में अपनी नजरों के सामने इस तेंदुए को देखकर दहशत फैल गई. लोगों काफी डरे हुए थे. उन्हें डर था कि कहीं ये तेंदुआ हमला ना कर दे. ऐसे में लोगों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. यह शोर सुनकर करीब 10-15 मिनट बाद तेंदुआ खुद उठकर जंगल की ओर चला गया. इसके बाद बाइक छोड़कर भागा युवक भी आकर अपनी बाइक उठाया और वहां से चला गया. थोड़ी देर में रोड पर ट्रैफिक भी सामान्य हो गया.

तेंदुए की तलाश में वन विभाग

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को देखकर वन विभाग भी हरकत में आ गया है. विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इस तेंदुए को ट्रैस करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही वन विभाग ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है. डीएफओ अपूर्व दीक्षित के मुताबिक संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग की टीम लोगों को जागरूक कर रही है. वहीं जंगल के बीच से गुजरने वाली सड़कों पर समूह में चलने को कहा जा रहा है.

Follow Us