उत्तर UP में झमाझम तो दक्षिण में हल्की बारिश, आंधी-तूफान का भी अलर्ट; 60 जिलों में आज रेनीडे
उत्तर प्रदेश में आज 60 जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है. IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर में झमाझम बारिश जबकि दक्षिण में हल्की फुहारें पड़ेंगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी. नोएडा-गाजियाबाद में भी मौसम सुहाना रहेगा. पश्चिमी यूपी में पूरे हफ्ते बारिश की संभावना है. मानसून अपनी गति से आगे बढ़ रहा है.
उत्तर प्रदेश में आज रेनीडे का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग ने बुंदेलखंड को छोड़ कर बाकी पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट का जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में आज आंधी तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है. वहीं दक्षिणी उत्तर प्रदेश में कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है. इस दौरान पूरे प्रदेश में पुरवा हवाएं चलेंगी और मौसम सुहाना रहेगा.
बदले हुए मौसम में नोएडा गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं. इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. IMD के मुताबिक इस दौरान कई जगह बारिश, बिजली कड़कने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. इससे लोगों को हीट वेव से काफी हद तक राहत मिली है. मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है.
पश्चिमी UP में पूरे हफ्ते होगी बारिश
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस पूरे हफ्ते बारिश हो सकती है. इस दौरान अलग अलग स्थानों पर बिजली कड़कने के भी आसार है. कई इलाको में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आज बारिश का अलर्ट है. फिर अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. इसके बाद फिर अगले तीन दिनों तक बारिश हो सकती है.
ये है मानसून अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अभी अपनी गति से आगे बढ़ रहा है. उम्मीद है कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों को कवर कर सकता है. इससे इन राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. फिलहाल यूपी के 60 जिलों में आज प्री-मानसून की बारिश के आसार हैं. यह दौर करीब एक हफ्ते तक चलेगा.
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश के चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में बारिश होने की पूरी संभावना है. इसी प्रकार सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर आदि जिलों में भी आंधी तूफान के साथ बारिश हो सकती है.
