UP के इस SDM ने मांगी छुट्टी, फिर एप्लिकेशन पर क्यों लगाया अंगूठा? वायरल हो गया लेटर
उत्तर प्रदेश के बलिया में एसडीएम बैरिया की छुट्टी का आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पालतू कुत्ते के हमले में घायल होने के कारण एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने हस्ताक्षर की जगह अंगूठे का निशान लगाकर छुट्टी मांगी है. यह अनोखा आवेदन छुट्टी के कारण और उसकी प्रस्तुति शैली के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है.
उत्तर प्रदेश के बलिया में एक एसडीएम की छुट्टी का एप्लिकेशन सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसकी बड़ी वजह छुट्टी का कारण और एप्लिकेशन पर हस्ताक्षर की जगह उनके अंगूठे की छाप है. वायरल हो रहे लेटर में ही एसडीएम ने इन दोनों वजहों की जानकारी भी दी है. यह लेटर एसडीएम बैरिया आलोक प्रताप सिंह ने डीएम मंगला प्रसाद सिंह को लिखा है. इसमें उन्होंने एक हफ्त की छुट्टी मांगी है.
जानकारी के मुताबिक होली के अवसर पर एसडीएम के माता-पिता उनसे मिलने आए थे. इस दौरान एसडीएम के पालतू कुत्ते ने उनके ऊपर हमला कर दिया. ऐसे में एसडीएम ने पिता को बचाने की कोशिश की तो वह खुद कुत्ते के शिकार बन गए. एसडीएम ने डीएम बलिया को लिखे पत्र में इसका उल्लेख करते हुए लिखा है कि उनके पालतू कुत्ते ने उनके दोनों हाथों में काट लिया है. इसकी वजह से गहर जख्म हो गए हैं.

दोनों हाथ में चढ़ा है प्लास्टर
एसडीएम के मुताबिक उन्होंने लोकल डॉक्टर को दिखाकर प्राथमिक उपचार कराया, लेकिन घाव से खून का रिसाव बंद नहीं हो रहा और असहनीय दर्द बना हुआ है. ऐसे हाल में उन्हें किसी बड़े अस्पताल में जाकर इलाज कराने की सलाह दी गई है. एसडीएम के मुताबिक इस स्थिति में उनके दोनों हाथों पर प्लास्टर चढ़ा हुआ है और वह अपने हाथों से दैनिक कार्य निपटाने में असमर्थ हैं.
2023 बैच के पीसीएस हैं आलोक सिंह
उन्होंने अपने पत्र में हस्ताक्षर की जगह अंगूठा लगाते हुए लिखा है कि वह अपने हाथों से साइन तक नहीं कर सकते. इसलिए उन्होंने आठ दिन का उपार्जित अवकाश मंजूर करते हुए मुख्यालय छोड़ने की अनुमति देने का आग्रह किया है. 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने दो साल पहले ही बलिया में डिप्टी कलेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था.
