पहले पत्नी का मर्डर, फिर खुद फांसी पर लटका; कमरे में मिला दोनों की लाश… हैरान कर देगी वजह

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी है. मामला मोदीपुरम, मेरठ का है. प्राथमिक जांच में होली से पहले हुए विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या-आत्महत्या का ठोस कारण अभी अज्ञात है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मर्डर एवं सुसाइड का मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने पहले पत्नी की हत्या की. फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी है. मामला मेरठ में मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस दो स्थित सीवरेज प्लांट का है. मृत युवक की पहचान हरदोई में घुरेना के रहने वाले प्रदीप (35) और उसकी पत्नी मधु यादव (30) के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि मृतक प्रदीप चार भाइयों में दूसरे नंबर का था. वह यहां पल्लवपुरम फेस दो में किराए का घर लेकर पत्नी मधु और बेटे यश के साथ रहता था और सीवरेज प्लांट में ठेकेदार के अंडर में नौकरी करता था. पुलिस की पूछताछ में मधु के भाई शिव शंकर ने बताया कि अभी होली मनाने के लिए उसकी बहन और बहनोई गांव गए थे और शनिवार को वापस लौटे. यहां पहुंचने के बाद प्रदीप सीवरेज प्लांट पर जाकर सोने की बात कहकर निकला, लेकिन उसके बाद यह घटना हो गई.

ऑपरेटर ने दी सूचना

पुलिस के मुताबिक शनिवार की देर शाम प्लांट ऑपरेटर पहुंचा तो देखा कि प्रदीप खुद फंदे से लटका हुआ था, वहीं उसकी पत्नी मधु का शव तख्त पर पड़ा था. इस ऑपरेटर ने ही मधु के भाई शिव शंकर और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की. पुलिस के मुताबिक घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इसकी वजह से अभी तक इस मर्डर और सुसाइड की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है. अब तक की जांच में इतना भर पता चला है कि इनके बीच होली पर घर जाने के पहले से विवाद चल रहा था. हालांकि यह साफ नहीं हो सका है कि यह विवाद किस विषय पर था.

खबर सुनकर घर वाले भी हैरान

शिवशंकर ने घटना की जानकारी अपने और प्रदीप के घर वालों को दी. खबर सुनकर दोनों ही परिवार के लोग हैरान रह गए. शिवशंकर के मुताबिक दोनों ही परिवारों के लोग हरदोई से मेरठ के लिए रवाना हो चुके हैं. वहीं, इस घटना के बाद इनके बेटे यश का रो रोकर बुरा हाल है. पुलिस के मुताबिक दोनों के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में मौत की वजह पोस्टमार्टम में ही साफ हो पाएगी.