पहले बंद किया CCTV, फिर गोली मारकर ले ली जान; 2 मासूमों समेत 4 की हत्या से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक ही परिवार के चार लोगों, जिसमें दो मासूम बच्चे भी शामिल थे, की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात से ठीक पहले सीसीटीवी बंद कर दिया गया था. पुलिस को ब्याज के लेनदेन से जुड़े विवाद की आशंका है. इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. पुलिस गहन जांच में जुटी है.

मामले की जांच कर रही है पुलिस

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. दिन दहाड़े हुई इस वारदात में पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने आनन फानन में भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की. पुलिस के मुताबिक मृतकों में पति-पत्नी के अलावा 3 साल की मासूम बच्ची और 1 साल का बेटा शामिल है.

पति-पत्नी और बेटी के शरीर पर गन शॉट के निशान पाए गए हैं. जबकि एक साल के मासूम बेटे के शरीर पर कैंची के घाव मिले हैं. फिलहाल पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामला बलरामपुर में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के झौंहना गांव का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले बजरंगी अपनी पत्नी कोमल और अपनी बेटी श्रद्धा 3 वर्ष और 1 साल का बेटा जयदीप के साथ खेत में घर बनाकर रहते थे.

सीसीटीवी बंदकर दी वारदात को अंजाम

खेत में घर होने की वजह से इनके पास पड़ोस में कोई अन्य मकान नहीं है. इसलिए सुरक्षा के लिए बजरंगी ने सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं. पुलिस की जांच में पता चला कि वारदात से ठीक पहले सीसीटीवी बंद कर दिया गया था और वारदात के बाद इसे फिर से चालू कर दिया गया था. इसलिए वारदात के समय का फुटेज नहीं मिला है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकास कुमार खुद मामले की छानबीन में जुट गए हैं.

क्या है वारदात की वजह?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक बजरंगी ब्याज पर पैसे देता था. बताया जा रहा है कि इसी लेन-देन को लेकर आरोपियों के साथ उसका झगड़ा हुआ था. एसपी विकास कुमार के मुताबिक वारदात के समय सीसीटीवी बंद थी. हालांकि लोगों की भीड़ जमा होने से पहले सीसीटीवी चालू कर दी गई. इस वारदात के संबंध में मृतक के भाई नानबच्चा ने शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शव के पास मिले हथियार

मृतक के भाई ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वारदात के बाद हत्यारोपियों ने अपने असलहे वहीं शवों के पास छोड़ दिए थे. जिस कमरे में सभी शव मिले हैं, उसके बगल वाले कमरे में भी बक्से पर खून के दाग मिले हैं. शवों के पास से कैंची भी मिली है जिस पर भी खून के निशान है.एसपी बलरामपुर के मुताबिक मृतक के भाई ने दो मोबाइल फोन भी पुलिस को सौंपे हैं. संभवत वह बजरंगी और उसकी पत्नी के मोबाइल हो सकते हैं. इस मोबाइल में बजरंगी का एक वीडियो भी है जिसमें वह सुसाइड करने की बात कर रहा है.

रिपोर्ट: सुशील मिश्रा, बलरामपुर

Follow Us