आकाश आनंद को लेकर अफवाहों पर मायावती ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- उम्मीदवार सिर्फ मैं तय करती हूं

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाया है. उन्होंने साफ किया कि यूपी सहित देशभर में बसपा उम्मीदवारों का अंतिम चयन केवल वही करती हैं. आकाश आनंद का कार्य चुनावी जनसभाओं में प्रत्याशियों की घोषणा करना है, चयन करना नहीं.

आकाश आनंद और बसपा प्रमुख मायावती

बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों पर पहली बार विस्तार से प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा कि यूपी ही नहीं, देश भर मेंं जब चुनाव भी होते हैं, वहां उम्मीदवारों का अंतिम चयन केवल उनके द्वारा ही किया जाता है.

मायावती ने एक्स पोस्ट में कहा कि आकाश आनंद को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम में ‘रत्ती भर भी सच्चाई नहीं’ है. यूपी की जिन सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिये गये हैं. वहाँ उनकी अनुमति से ही पदाधिकारी जनसभाएं करके उनका ऐलान भी कर रहे हैं. इसी के तहत कुछ सीटों के उम्मीदवार का ऐलान आकाश आनंद भी पार्टी की जनसभा करके करेंगे.

‘आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा से निभा रहे’

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि पिछले करीब एक साल से आकाश आनंद को पार्टी संगठन की समीक्षा बैठकों और चुनावी जनसभाओं के लिए विभिन्न राज्यों में भेजा जा रहा है. आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभा रहे हैं, लेकिन यह पूरी तरह पार्टी की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्हें भी कुछ सीटों पर जनसभाओं के लिए भेजा गया है.

इससे पहले राजधानी लखनऊ में 9 अक्तूबर 2025 को कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर पार्टी की ऐतिहासिक महारैली में आकाश आनंद को बोलने का मौक़ा दिया गया. साथ ही, इसके पहले यहां लोकसभा के चुनाव में भी इनको पूरे प्रदेश अन्य राज्यों में भी पार्टी की चुनावी जनसभायें लेने के लिए भेजा गया था, यह सब सोशल मीडिया आदि पर मौजूद है.

यह पार्टी की रूटीन प्रक्रिया, भ्रामक पर ध्यान न दें

पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ किया, ‘यह सब पार्टी की रूटीन प्रक्रिया के तहत् हो रहा है. इसका आकाश आनंद के कद को बढ़ाने और कम करने आदि से कोई लेना देना नहीं है और ना ही पार्टी के उम्मीद्वार भी तय करने से कोई लेना देना है. यह भी पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरह ही मेरे दिशा-निर्देशन में यूपी में कुछ स्थानों पर उम्मीद्वार ऐलान कर रहे हैं.’

उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव नजदीक हैं और उनकी तैयारियों के लिए वे खुद लगातार लखनऊ पार्टी कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठकें ले रही हैं. इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों को उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने अपील की है कि कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक पर ध्यान न दें.

Follow Us